गुरूवार, 17 सितमबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
00:10 IST

फर्जी आर्मी मेजर बनकर महिला ऑडिटर से शादी के नाम पर 22 लाख की ठगी

डिफेंस मैट्रिमोनी साइट पर संपर्क बनाकर खुद को सेना का मेजर बताने वाले शख्स ने नागपुर की एक वरिष्ठ लेखापरीक्षक से शादी का वादा कर रकम ऐंठ ली, पुलिस केस दर्ज।

फर्जी आर्मी मेजर बनकर महिला ऑडिटर से शादी के नाम पर 22 लाख की ठगी
एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर; यह घटना का वास्तविक फोटो नहीं है | PT24

बेलतरोड़ी थाना इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक शख्स ने खुद को आर्मी का मेजर बताकर एक महिला ऑडिटर को शादी के नाम पर 22 लाख 6 हजार 200 रुपये का चूना लगा दिया। पीड़िता प्रधान महालेखाकार कार्यालय में वरिष्ठ लेखापरीक्षक के पद पर काम करती हैं और आरोपी ने डिफेंस मैट्रिमोनी साइट के जरिए उनसे संपर्क बनाया था।

पुलिस के मुताबिक नरेंद्रनगर में रहने वाली नेहा शशि सिंह (41) साल 2018 में तलाक होने के बाद जीवनसाथी की तलाश में थीं। जुलाई 2022 में उन्होंने डिफेंस मैट्रिमोनी वेबसाइट पर अपना प्रोफाइल बनाया, जहां उनकी पहचान हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की घुमारवीं तहसील के गांव हटवार के रहने वाले मनदीप सुनील शर्मा (32) से हुई।

मनदीप ने अपने मैट्रिमोनी प्रोफाइल में खुद को सेना में मेजर बताया था और नेहा को यह भी बताया कि वह जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात है। भरोसा जमाने के लिए उसने सेना की वर्दी में अपने फोटो और वीडियो भी नेहा को भेजे। इससे नेहा को यकीन हो गया कि वह सच में आर्मी अफसर है।

बातचीत बढ़ने के बाद मनदीप ने नेहा से जल्द शादी करने की बात कही और फरवरी 2023 में शादी का भरोसा भी दिलाया। इसी दौरान उसने कहा कि वह सेना की नौकरी छोड़कर ट्रांसपोर्ट का बिजनेस शुरू करना चाहता है और इसके लिए उसे पैसों की जरूरत है। शादी के वादे पर भरोसा करके नेहा उसे रकम देने के लिए राजी हो गईं। इसके लिए उन्होंने ऑफिस सोसायटी और बैंक से कर्ज भी लिया। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में नेट बैंकिंग और फोन-पे के जरिए मनदीप और उसके चचेरे भाई के बैंक खातों में कुल 22 लाख 6 हजार 200 रुपये ट्रांसफर कर दिए।

पैसे मिलते ही मनदीप का रवैया बदल गया। वह नेहा से बात करने में टालमटोल करने लगा। जब नेहा ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसने सिर्फ 50 हजार रुपये लौटाए और उसके बाद फोन उठाना ही बंद कर दिया। लगातार कोशिश करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो नेहा को समझ आ गया कि उनके साथ धोखा हुआ है। इसके बाद उन्होंने बेलतरोड़ी पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर बेलतरोड़ी पुलिस ने मनदीप सुनील शर्मा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 170, 406 और 420 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। आरोपी ने सच में सेना में नौकरी की थी या नहीं, उसके मैट्रिमोनी प्रोफाइल में दी गई जानकारी कितनी सही थी और नेहा से मिली रकम का इस्तेमाल कहां हुआ, इन सभी सवालों की जांच अभी चल रही है।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे