परविंदर अवाना बने BCCI की जूनियर सिलेक्शन कमेटी के नए चेयरमैन
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने जूनियर सिलेक्शन कमेटी का नया चेयरमैन और तीन सदस्य चुन लिए हैं।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
भारतीय क्रिकेट नियामक मंडल यानी BCCI ने जूनियर सिलेक्शन कमेटी को लेकर बड़ा फैसला किया है। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज परविंदर अवाना को कमेटी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। बोर्ड ने शुक्रवार, 23 अक्टूबर को एक प्रेस रिलीज जारी करके इसका ऐलान किया।
बोर्ड के मुताबिक क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अवाना के नाम की सिफारिश की थी। अवाना के साथ कृष्णा दास, राकेश पटेल और अर्जुन यादव को भी जूनियर सिलेक्शन कमेटी में रखा गया है। कमेटी के पांचवें सदस्य की नियुक्ति जल्द की जाएगी।
अब जूनियर क्रिकेटरों को चुनने और भारतीय क्रिकेट के नए खिलाड़ियों को तैयार करने की जिम्मेदारी अवाना पर होगी। 40 साल के अवाना भारत के लिए दो टी-20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। अपने करियर में उन्होंने 62 फर्स्ट-क्लास मैच खेले और 191 विकेट लिए। वे दिल्ली, भारत 'ए' और रेस्ट ऑफ इंडिया की टीमों की तरफ से खेले हैं। आईपीएल में वे किंग्स इलेवन पंजाब के लिए भी मैदान में उतरे।
क्रिकेट से रिटायर होने के बाद अवाना कोचिंग में आ गए। उन्होंने दिल्ली की अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों के साथ काम किया है। इसके अलावा वे भारतीय अंडर-19 टीम और BCCI व सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) के चलाए जाने वाले अलग-अलग कार्यक्रमों से भी जुड़े रहे हैं।
कमेटी के बाकी तीन सदस्यों में कृष्ण दास असम और गोवा की टीम से खेले पूर्व तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने फर्स्ट-क्लास करियर में 49 मैचों में 166 विकेट लिए। वे भारत की अंडर-19 और भारत 'ए' टीम की तरफ से भी खेले हैं। कोचिंग का भी उन्हें खासा तजुर्बा है। वे भारतीय अंडर-19 टीम के गेंदबाजी कोच रह चुके हैं और उत्तराखंड की रणजी ट्रॉफी टीम के गेंदबाजी कोच के तौर पर भी काम कर चुके हैं।
राकेश पटेल गुजरात और बड़ौदा की टीमों से खेले हैं। उन्होंने भारत 'ए' टीम का प्रतिनिधित्व किया और दुलीप ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी जैसे घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। कोचिंग में उन्होंने गुजरात और बड़ौदा की अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर टीमों के साथ काम किया है। 2025-26 सीजन में वे बड़ौदा की अंडर-23 टीम के हेड कोच भी थे। उम्मीद है कि उनके तजुर्बे से जूनियर खिलाड़ियों को चुनने में मदद मिलेगी।
इस तरह जूनियर सिलेक्शन कमेटी में परविंदर अवाना अध्यक्ष हैं, जबकि कृष्ण दास, राकेश पटेल और एन. अर्जुन यादव सदस्य हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।