नाश्ते में बनाइए पालक-पनीर पराठा, घर पर झटपट बनने वाली आसान रेसिपी
रोज के पोहे, उपमा और ब्रेड से ऊब गए हैं तो पालक और पनीर वाला पराठा आजमाइए। इसमें प्रोटीन भी है और स्वाद भी।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सुबह के नाश्ते में रोज वही पोहे, उपमा या ब्रेड खाकर कई लोग ऊब जाते हैं। हर घर में यही सवाल उठता है कि कुछ स्वादिष्ट और सेहतमंद क्या बनाया जाए। अगर आप भी कुछ नया और हेल्दी ट्राय करना चाहते हैं तो प्रोटीन वाले पालक के पराठे जरूर बनाकर देखिए।
इन पराठों में आयरन से भरपूर पालक, गेहूं का आटा और पनीर पड़ता है। यही वजह है कि ये स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं। सुबह की भागदौड़ में भी इन्हें घर पर आसानी से बनाया जा सकता है। बच्चों के टिफिन के लिए या ऑफिस जाने वालों के लिए भी यह अच्छा विकल्प बन सकता है।
सामग्री इस तरह है: गेहूं का आटा 2 कप, ताजा पालक 1 जुड़ी, पनीर 100 ग्राम (कद्दूकस किया हुआ), हरी मिर्च 1 से 2, अदरक का एक छोटा टुकड़ा, जीरा आधा चम्मच, अजवाइन आधा चम्मच और लाल मिर्च आधा चम्मच। इसके अलावा हल्दी, नमक, तेल या घी और पानी चाहिए।
सबसे पहले पालक की पत्तियों को अच्छी तरह धो लीजिए। फिर गरम पानी में पालक को एक से दो मिनट उबालिए और तुरंत ठंडे पानी में डाल दीजिए। पत्तियां ठंडी हो जाएं तो उन्हें बाहर निकाल लीजिए। इसके बाद पालक, 1 से 2 हरी मिर्च और अदरक को मिक्सर में बारीक पीसकर पेस्ट बना लीजिए।
अब एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लीजिए। उसमें पालक का पेस्ट, कद्दूकस किया हुआ पनीर, जीरा, अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालिए। जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालकर नरम आटा गूंथ लीजिए। आटे को ढककर 10 से 15 मिनट के लिए अलग रख दीजिए।
फिर आटे की बराबर आकार की लोइयां बना लीजिए। हर लोई पर सूखा आटा लगाकर रोटी की तरह गोल बेल लीजिए। तवा गरम हो जाए तो उस पर पराठा रखिए और दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लीजिए। ऊपर से थोड़ा घी या तेल लगाकर सुनहरा और कुरकुरा सेंकिए। गरमागरम पराठे दही, पुदीने की चटनी या अचार के साथ परोसिए।
पराठे और स्वादिष्ट बनाने के लिए कुछ टिप्स भी हैं। पालक का पेस्ट बनाते समय पानी मत डालिए और उसे ज्यादा पतला मत कीजिए, वरना आटा चिपचिपा हो सकता है। पराठे सेंकते वक्त मध्यम आंच रखिए, इससे वे अंदर तक अच्छी तरह पक जाएंगे। कम तेल में सेंकने से तेल की मात्रा भी काबू में रहती है।