घर पर झटपट बनाइए चॉकलेट बिस्कुट, चाय के साथ खाने का मजा दोगुना
चॉकलेट बिस्कुट घर पर बनाना आसान है और घर के सामान से ही बन जाते हैं।
चॉकलेट का स्वाद और बिस्कुट की कुरकुराहट जब एक साथ मिल जाए, तो घर पर बने चॉकलेट बिस्कुट सबको पसंद आते हैं। ये बिस्कुट आप घर पर ही तैयार कर सकते हैं और इसकी रेसिपी भी काफी आसान है।
बाजार के बिस्कुट के मुकाबले घर पर बनाने में एक फायदा यह है कि सामान की मात्रा आप अपनी पसंद के हिसाब से घटा-बढ़ा सकते हैं। शाम की चाय के साथ खाने के लिए, बच्चों के टिफिन के लिए या अचानक कुछ मीठा खाने का मन हो, तब भी यह रेसिपी आजमाई जा सकती है। छोटे बच्चों को तो यह बहुत पसंद आएगी। खास बात यह है कि एक बार बनाकर आप इन्हें पूरे हफ्ते रख सकते हैं। घर पर बिस्कुट बनाना ज्यादा मुश्किल नहीं है, घर में मौजूद सामान से ही ये आसानी से बन जाते हैं।
सामान में चाहिए: मैदा 1 कप, कोको पावडर 2 टेबलस्पून, पिसी हुई चीनी आधा कप, बटर आधा कप, बेकिंग पावडर आधा टीस्पून, वेनिला एसेंस आधा टीस्पून, दूध 2 से 3 टेबलस्पून, चॉकलेट चिप्स 2 टेबलस्पून और एक चुटकी नमक।
सबसे पहले एक बर्तन में मैदा, कोको पावडर, बेकिंग पावडर और चुटकी भर नमक लेकर सबको एक साथ छान लें। दूसरे बर्तन में नरम किया हुआ बटर और पिसी चीनी डालें और तब तक फेंटें जब तक मिश्रण हल्का और मुलायम न हो जाए। फिर इसमें वेनिला एसेंस डालकर अच्छे से मिला लें।
अब छाना हुआ सूखा सामान थोड़ा-थोड़ा करके बटर वाले मिश्रण में डालते जाएं। जरूरत के हिसाब से दूध मिलाकर नरम आटा तैयार करें। आटे को ज्यादा न गूंधें। तैयार आटे में चॉकलेट चिप्स डालकर हल्के हाथ से मिलाएं। इसके बाद आटे को 15 से 20 मिनट फ्रिज में रख दें, इससे बिस्कुट को अच्छा शेप देना आसान हो जाता है।
ओवन को 170 से 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट कर लें। आटे की छोटी-छोटी गोलियां बनाकर उन्हें हल्का सा दबाकर चपटा करें और बेकिंग ट्रे पर थोड़ी-थोड़ी दूरी रखकर सजा दें। बिस्कुट को करीब 12 से 15 मिनट बेक करें। जब किनारे थोड़े सेट हो जाएं, तो ट्रे बाहर निकाल लें। शुरू में बिस्कुट थोड़े नरम लगेंगे, लेकिन पूरी तरह ठंडे होने पर कुरकुरे हो जाएंगे।
बिस्कुट पूरी तरह ठंडे हो जाएं, तब उन्हें एयरटाइट डब्बे में भरकर रख दें। ये चॉकलेट बिस्कुट चाय, कॉफी या दूध के साथ परोसे जा सकते हैं।