नागपुर-हैदराबाद से बेंगलुरु के लिए आज एयर इंडिया एक्सप्रेस की खाली फेरी फ्लाइट्स, जानें वजह
फ्लाइट्स कैंसिल होने और शेड्यूल गड़बड़ाने की समस्या के बीच एयरलाइन ने विमानों का रोटेशन ठीक करने के लिए मंगलवार को नागपुर और हैदराबाद से बेंगलुरु के लिए दो फेरी फ्लाइट्स चलाईं।
नागपुर एविएशन सेक्टर से जुड़ी ऑपरेशनल जरूरतों को पूरा करने के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मंगलवार 15 सितंबर को नागपुर और हैदराबाद से बेंगलुरु के लिए दो स्पेशल 'फेरी फ्लाइट्स' चलाईं।
एयरलाइन की तरफ से जारी ऑफिशियल शेड्यूल के मुताबिक इन फ्लाइट्स के जरिए खाली विमानों को एक शहर से दूसरे शहर शिफ्ट किया जाना था। इस महीने की 1 से 30 तारीख के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस की कई फ्लाइट्स लगातार कैंसिल होती रहीं और बीच-बीच में अचानक 1 से 2 बार शेड्यूल भी ड्रॉप हुआ, जिसकी वजह से पैसेंजर्स को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी गड़बड़ी के बीच अपने विमानों का रोटेशन और नेटवर्क बैलेंस करने के लिए एयरलाइन को यह खाली फ्लाइट्स उड़ानी पड़ीं। ऐसी फेरी फ्लाइट्स में आमतौर पर पैसेंजर्स को टिकट नहीं दी जाती, बल्कि इनका इस्तेमाल सिर्फ मेंटेनेंस या रोटेशन से जुड़ी जरूरतों के लिए किया जाता है। हालांकि इस बार यह फेरी फ्लाइट्स पैसेंजर्स को लेकर रवाना हुईं।
शेड्यूल के मुताबिक हैदराबाद-बेंगलुरु फ्लाइट (IX5709) मंगलवार को हैदराबाद से रात 8 बजे उड़ी और रात 9 बजे बेंगलुरु पहुंची। इसके लिए A-320N एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल हुआ। वहीं नागपुर-बेंगलुरु फ्लाइट (IX5708) मंगलवार को नागपुर एयरपोर्ट से रात 8 बजे रवाना होकर रात 9.45 बजे बेंगलुरु पहुंची। इस रूट पर A-320 एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल हुआ।
इसी दिन दोपहर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक स्पेशल एयर एम्बुलेंस (VH-ULJ) की लैंडिंग भी हुई। सूत्रों के मुताबिक यह विमान एक मरीज को लेकर दोपहर करीब 3.20 बजे नागपुर पहुंचा। एयरपोर्ट पर जरूरी मेडिकल और मार्शलिंग सपोर्ट मिलने के बाद सारी प्रक्रियाएं पूरी करके यह फ्लाइट शाम करीब 5 बजे अपने डेस्टिनेशन के लिए रवाना हो गई। सूत्रों ने बताया कि यह विमान शायद ऑस्ट्रेलिया से आया था।
इसके अलावा नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कुवैत एयरवेज के बोइंग 777 विमान को नागपुर एयरपोर्ट पर लैंड करने की मंजूरी दी है। यह विमान मेंटेनेंस के लिए नागपुर एयरपोर्ट के एमआरओ पर पहुंचेगा। मिली जानकारी के मुताबिक फ्लाइट (KAC 8249) कुवैत से उड़ान भरकर 15 सितंबर को नागपुर पहुंचेगी और इसमें 8 क्रू मेंबर्स शामिल रहेंगे। जानकारी के मुताबिक यह विमान की नागपुर में मेंटेनेंस के लिए हुए करार का आखिरी राउंड है।