फेस्टिव सीजन में जावा 42 का नया ऑल स्टार्स वर्जन लॉन्च, कीमत 1,79,942 रुपये से शुरू
जावा येझदी मोटरसाइकल्स ने अपनी फ्लैगशिप जावा 42 का ऑल स्टार्स वर्जन उतारा, 60 से ज्यादा बदलावों के साथ।
फेस्टिव सीजन में बाइक पसंद करने वालों के लिए जावा येझदी मोटरसाइकल्स ने बड़ा अपडेट पेश किया है। कंपनी ने नई जावा 42 लॉन्च की है, जो ब्रांड की जावा ऑल स्टार्स सीरीज को पूरा करती है। भारत में मॉडर्न क्लासिक कैटेगरी की शुरुआत करने वाली इस मोटरसाइकल का यह अब तक का सबसे बड़ा अपडेट बताया जा रहा है।
ऑल स्टार्स जावा 42 में नया लुक दिया गया है। इसमें बेहतर बॉडी, स्टाइलिश रियर सेक्शन, अलॉय व्हील्स, साइड पैनल और ऊपर की तरफ उठा हुआ एग्जॉस्ट लगाया गया है, जिससे बाइक पहले से ज्यादा स्पोर्टी और मजबूत दिखती है। सीटिंग पोजीशन को इतना आरामदायक रखा गया है कि शहर और हाईवे दोनों जगह चलाना आसान हो। बाइक जे-पैंथर इंजन पर बनी है और इसमें जावा की पहचान वाला ओरिजिनल डिजाइन बरकरार रखा गया है।
कंपनी के मुताबिक ऑल स्टार्स की कहानी जावा राइडर से शुरू हुई थी। ऐसे राइडर्स आत्मविश्वासी और अपनी सोच से चलने वाले होते हैं, लेकिन साथ ही डिफेंस सेक्टर से लेकर स्पोर्ट्स तक की कम्युनिटी वाले उसी अनुशासन, भरोसे और आपसी सम्मान से जुड़ाव महसूस करते हैं। जावा ऑल स्टार्स रेंज अपने खास चिन्ह के जरिए इस साझा भावना को एक पहचान देती है।
इसी सीरीज में पहले जावा 42 एफजे आई थी, जिसने ब्रांड की मॉडर्न क्लासिक पहचान को आधुनिक और स्पोर्टी रूप दिया था। इसके बाद आनंद महिंद्रा ने ग्लोबल चेस लीग में ऑल स्टार्स 42 बॉबर का अनावरण किया था। अब तीसरे नंबर पर कंपनी की फ्लैगशिप बाइक आई है - नई जावा 42, जिसमें 60 से ज्यादा बदलाव किए गए हैं।
जावा 42 ने 2018 में भारत की पहली मॉडर्न क्लासिक रेंज के तौर पर एंट्री की थी, जिसमें अलग हटकर ऑफ-सेंटर इंस्ट्रूमेंट पैनल और कई रंग विकल्प दिए गए थे। अब ऑल स्टार्स 42 के रूप में यह फ्लैगशिप मॉडल भारत के नए राइडर्स के हिसाब से काफी बदल गया है।
क्लासिक लिजेंड्स के को-फाउंडर अनुपम थरेजा ने कहा, "सबसे दिलचस्प कम्युनिटी वो होती हैं जो बिना किसी दिखावे के भी अपना एक तरीका बनाए रखती हैं। जावा राइडर में हमें यही दिखा है। यह करैक्टर, अनुशासन और साहस की भावना डिफेंस सेक्टर और स्पोर्ट्स जैसी अलग-अलग जगहों पर भी दिखती है। हम राइडर्स की जरूरतों के हिसाब से नए वैरिएंट लाकर, अलग डिजाइन की बाइक्स पेश कर और रोज इस सोच पर चलने वालों का सम्मान कर इसे आगे बढ़ाते हैं। जावा 42 ने भारत में मॉडर्न क्लासिक कैटेगरी शुरू करने में मदद की थी। ऑल स्टार्स 42 उसी सोच को आगे ले जाती है - जावा 42 की खासियतों को छोड़कर नहीं, बल्कि आज के राइडर के लिए उसका मतलब क्या होना चाहिए, यह सोचकर।"
डिजाइन की बात करें तो बाइक को सड़क पर ज्यादा उभरकर दिखने के लिए चौड़ा और मजबूत लुक दिया गया है। रियर सेक्शन में काफी बदलाव हुआ है, इसमें चौड़ा रियर फेंडर और नया 150/70-17 रियर टायर लगाया गया है, जिससे ग्रिप बेहतर हुई है। जावा 42 की पहचान वाली फ्लैट, बेंच जैसी सीट को बरकरार रखते हुए 790 एमएम ऊंचाई की सीट को नई कुशनिंग के साथ फिर से डिजाइन किया गया है।
बाइक में नया अलॉय व्हील डिजाइन और पानी से आसानी से निकलने के लिए कॉम्पैक्ट अपस्वेप्ट एग्जॉस्ट दिया गया है। नए साइड पैनल, फुटपेग और रियर सेक्शन से बाइक को और मजबूत, स्पोर्टी लुक मिलता है। इंजन की बात करें तो जावा 42 में 294.72 सीसी सिंगल-सिलिंडर, फोर-स्ट्रोक, लिक्विड-कूल्ड DOHC इंजन दिया गया है, जिसके साथ सिक्स-स्पीड कॉन्स्टेंट-मेश गियरबॉक्स है। ब्रेकिंग के लिए ड्यूल-चैनल एबीएस के साथ आगे 280 एमएम और पीछे 240 एमएम डिस्क ब्रेक लगे हैं।
कंपनी का कहना है कि इंजन से जुड़े बदलाव सिर्फ दिखने तक सीमित नहीं हैं। बाइक की चपलता और कंट्रोल बेहतर बनाने के लिए वजन, फ्रेम, स्विंगआर्म की मजबूती, सीटिंग पोजीशन, हैंडलिंग और आराम पर काम किया गया है, फिर भी बाइक की आसान हैंडलिंग वाली पहचान बरकरार रखी गई है। पुराने जावा लुक की याद दिलाने वाली 13.2 लीटर की टंकी, गोल हेडलैंप और खास बेंच सीट को इसी तरह आगे रखा गया है।
जावा 42 की कीमत 1,79,942 रुपये से शुरू होती है और यह देशभर की जावा येझदी डीलरशिप पर छह अलग-अलग रंगों में मिलेगी।