कुख्यात अपराधी ने हवलदार को पीटा
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
गश्त लगाने के दौरान वारदात, सक्करदरा में मामला दर्ज
नागपुर.
शहर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक और मामला सक्करदरा में सामने आया है। 15 से अधिक गंभीर मामलों में नामजद नंदनवन के कुख्यात अपराधी प्रदीप मोहनलाल ठाकुर ने पुलिस हवलदार से ही गुंडागर्दी कर दी। निर्जन परिसर में मौजूद होने का कारण पूछने पर आरोपी इस कदर भड़क गया कि उसने हवलदार की कॉलर पकड़कर थप्पड़ जड़ दिए. जान से मारने की धमकी भी दी.
नंदनवन प्रदीप ठाकुर कुख्यात अपराधी है. उसका भाई सुहास भी अपराधी है. प्रदीप के खिलाफ 15 से अधिक गंभीर मामले दर्ज है. 28 अक्टूबर की रात सक्करदरा थाने के हवलदार संदीप लोलुसरे अपने साथियों के साथ कमला नेहरू कॉलेज परिसर में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान एनआईटी कॉम्प्लेक्स के पास एक निर्जन स्थान पर पुलिस टीम की नजर प्रदीप ठाकुर पर पड़ी. आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने प्रदीप को रोका. हवलदार संदीप ने उससे वहां मौजूद रहने का कारण पूछा. इससे प्रदीप आगबबूला हो गया और उसने पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी शुरू कर दी.
कॉलर पकड़ी, थप्पड़ मारे और दी जान से मारने की धमकी!
प्रदीप ने गालियां देते हुए हवलदार संदीप की कॉलर पकड़ ली. उन्हें थप्पड़ मारने लगा. इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी भी दी. पुलिस टीम के सामने ही एक हवलदार के साथ की गई इस कथित गुंडागर्दी से मामला गंभीर हो गया. पुलिसकर्मियों ने तत्काल प्रदीप को हिरासत में लिया और थाने ले आए. सक्करदरा पुलिस ने उसके खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है.
सक्करदरा में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर सवाल
इस घटना के बीच सक्करदरा थाना क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. क्षेत्र में एमडी और अन्य मादक पदार्थों की धड़ल्ले से बिक्री हो रही है. पुलिस इसकी रोकथाम करने में विफल साबित हो रही है. अपराधियों के हौसलु बुलंद होने से ही प्रदीप ने हवलदार पर हमला किया है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।