इमरान खान को मुंबई पुलिस का नोटिस, 28 अक्टूबर 2026 तक भारत छोड़ना होगा; जानिए उनकी पढ़ाई
मुंबई पुलिस ने अभिनेता इमरान खान को 28 अक्टूबर 2026 तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है। जानिए मामला क्या है और उन्होंने कहां तक पढ़ाई की है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान इन दिनों फिल्मों की वजह से नहीं, बल्कि एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद सुर्खियों में हैं। जानकारी सामने आई है कि मुंबई पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर 2026 तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है। इमरान अभिनेता आमिर खान के भांजे हैं।
इमरान अमेरिकी नागरिक हैं और भारत में ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्डधारक के तौर पर रहते हैं। इसी वजह से इस मामले ने उनकी नागरिकता की हैसियत और विदेशी नागरिकों के राजनीतिक आंदोलनों में हिस्सा लेने के नियमों पर भी बहस छेड़ दी है।
10 अक्टूबर 2026 को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में एक आंदोलन हुआ था। यह आंदोलन 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के समर्थन में रखा गया था। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें। इस मांग के पीछे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण, यानी 'एसआईआर' (SIR) में कथित गड़बड़ियों के आरोप थे।
मुंबई पुलिस का कहना था कि आंदोलन के लिए इजाजत नहीं ली गई थी। पुलिस के मुताबिक बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश पर आंदोलनों के लिए आजाद मैदान तय किया गया है। दूसरी तरफ CJP से जुड़े लोगों का दावा है कि उन्होंने पुलिस से ईमेल के जरिए इजाजत मांगी थी, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। खबर थी कि इस दौरान 400 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें इमरान खान भी शामिल थे।
इसके बाद 12 अक्टूबर को भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस में शिकायत की। उन्होंने इमरान के अमेरिकी नागरिक होने और OCI कार्ड का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि कोई विदेशी नागरिक राजनीतिक आंदोलन में कैसे हिस्सा ले सकता है। उन्होंने अभिनेता पर कार्रवाई की मांग की थी।
15 अक्टूबर को सामने आई खबर के मुताबिक मुंबई पुलिस ने इमरान को 28 अक्टूबर 2026 तक भारत छोड़ने का नोटिस भेजा है। पुलिस का कहना है कि भारतीय नागरिक न होते हुए भी राजनीतिक आंदोलन में शामिल होने पर उनके खिलाफ इमिग्रेशन कानूनों के तहत कार्रवाई की गई है।
इमरान खान हिंदी फिल्मों के अभिनेता और फिल्म निर्माता-निर्देशक हैं। उनका जन्म 13 जनवरी 1983 को अमेरिका के मैडिसन में हुआ था। वे आमिर खान के भांजे और फिल्म निर्माता-निर्देशक मंसूर खान के भतीजे हैं। उनके मामा नासिर हुसैन भी हिंदी सिनेमा के मशहूर निर्माता और निर्देशक रहे हैं। इमरान ने कम उम्र में ही फिल्मों में काम शुरू कर दिया था और बाद में मुख्य अभिनेता के तौर पर बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई।
अब बात पढ़ाई की। इमरान की स्कूली पढ़ाई मुंबई के बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने तमिलनाडु के कुन्नूर में ब्लू माउंटेन स्कूल में पढ़ाई की। कुछ वक्त वे ऊटी के एक गुरुकुल में भी रहे। फिर वे अमेरिका में कैलिफोर्निया के सनीवेल में अपने पिता के पास चले गए और वहां फ्रेमोंट हाई स्कूल में पढ़े।
अभिनय के साथ इमरान को फिल्म निर्माण में भी दिलचस्पी थी। इसी वजह से उन्होंने लॉस एंजिल्स की न्यूयॉर्क फिल्म अकादमी से फिल्म निर्माण की पढ़ाई की। भारत लौटने के बाद उन्होंने मुंबई के किशोर नमित कपूर एक्टिंग इंस्टिट्यूट से अभिनय की ट्रेनिंग भी ली। इस तरह उनकी पढ़ाई भारत और अमेरिका, दोनों जगह हुई।