गुवाहाटी में नागपुर के दो युवक बंधक, 15 लाख की फिरौती मांगी; एक आरोपी गिरफ्तार
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नागपुर के दो युवकों को गुवाहाटी में बंधक बनाकर जिंदा जलाने की धमकी दी गई और उनके बदले 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। इस सनसनीखेज मामले में तहसील पुलिस ने लष्करीबाग, पंचपावली के रहने वाले नितीन दिलीप वंजारी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने असम के चिरांग जिले में कार्रवाई करके दोनों युवकों को सुरक्षित छुड़ा लिया। लेकिन रॉकी नाम का आरोपी अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगी है।
मिली जानकारी के मुताबिक मोमिनपुरा की इकरा तबस्सुम असरार अहमद के भाई हसनैन बिलाल असरार अहमद और उसका दोस्त रोशन उर्फ जुबेर राजेश बुदेल 11 अक्टूबर को म्यूल अकाउंट के काम से गुवाहाटी गए थे। हसनैन ने अपनी बहन को बताया था कि वह भंडारा के सुमीत राजू सहारे का बैंक ऑफ इंडिया का खाता लेकर गया है। इसके बदले उसे 20 हजार रुपये मिलने वाले थे।
14 अक्टूबर को हसनैन ने फोन करके बताया कि सुमीत सहारे ने बैंक खाते से जुड़ा रजिस्टर्ड सिम कार्ड निकाल लिया है और खाते में करीब 54 लाख रुपये हैं। इसी बीच रॉकी नाम के शख्स ने इकरा को वीडियो कॉल किया और बताया कि उनके भाई और उसके दोस्त को बंधक बना लिया गया है।
रॉकी ने दोनों को जिंदा जलाने की धमकी दी और शुरुआत में 28 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इकरा ने कहा कि इतनी रकम देना उनके बस की बात नहीं है। इसके बाद आरोपी ने 15 लाख रुपये की मांग की।
इस मामले में तहसील पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने नितीन वंजारी को गिरफ्तार किया। उससे मिली जानकारी और मोबाइल लोकेशन की मदद से पुलिस ने असम के चिरांग जिले में तलाशी अभियान चलाया। स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों युवकों को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।
दोनों युवकों को नागपुर लाकर उनके परिवार वालों के हवाले कर दिया गया है। फरार आरोपी रॉकी की तलाश जारी है और आगे की जांच तहसील पुलिस कर रही है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।