गोंदिया सिविल लाइन में 40 लाख के गहनों की चोरी, इंदौर से 26 तोला सोना बरामद, आरोपी फरार
गोंदिया पुलिस की LCB ने इंदौर के देव-गुराड़िया में दबिश देकर आरोपी की सास के पास से 26 तोले सोने के गहने और एक चांदी का सिक्का बरामद किया। दो आरोपी मौके से भाग निकले।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
गोंदिया शहर के सिविल लाइन इलाके में हुई बड़ी चोरी का गोंदिया पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने खुलासा कर दिया है। बंद मकान से 40 लाख रुपये के गहने चुराए गए थे। पुलिस के मुताबिक चोरी के बाद आरोपी माल ठिकाने लगाने के लिए मध्य प्रदेश में अपनी ससुराल पहुंचे थे। पुलिस ने इंदौर के देव-गुराड़िया में दबिश देकर आरोपी की सास के पास से 26 तोले सोना और एक चांदी का सिक्का बरामद कर लिया।
वारदात 14 से 15 अक्टूबर के बीच सिविल लाइन के रहने वाले अमोल श्रीराम मुंगमोडे के घर में हुई। उस वक्त परिवार घर से बाहर गया हुआ था। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें से दो सोने के कंगन, एक सोने का रानी हार, एक सोने का मनी हार, लॉकेट सहित एक सोने का गोप, एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने का सिक्का (कॉइन) और एक सोने की अंगूठी उड़ा ली। कुल मिलाकर 26 तोले के सोने के जेवरात और एक चांदी का सिक्का चोरी हुआ।
एसपी गोरख भामरे के निर्देश पर डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने मौके की जांच की। इस जांच के बाद शक की सुई राजस्थान (उदयपुर) के रिकॉर्डेड अंतरराज्यीय चोर लाखन सिंह की तरफ गई।
तकनीकी सर्विलांस से पुलिस को पता चला कि आरोपी चोरी के फौरन बाद इंदौर में अपनी ससुराल में छिपा हुआ है। LCB प्रभारी रेवचंद सिंगनजुड़े की अगुवाई में टीम 17 अक्टूबर को इंदौर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घर को घेर लिया।
पुलिस को देखते ही मुख्य आरोपी लाखन सिंह और उसका साथी दिलीप सिंह भागने में कामयाब हो गए। लेकिन घर की तलाशी में सास बलवीर कौर सिंह के पास रखी एक काली पोटली मिली। उसमें से 26 तोले सोने के रानी हार, कंगन, मंगलसूत्र और अंगूठियां बरामद हुईं।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द ही दोनों सलाखों के पीछे होंगे। अब तक इन दोनों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे और अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में हुई। इसे पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुड़े, सपोनि अमरजीत खाड़े और अभिषेक जंगमवार सहित LCB की टीम ने अंजाम दिया।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।