एयरटेल ने यूट्यूब से हाथ मिलाया, 200 रुपये के टॉप-अप पर मिलेगा यूट्यूब प्रीमियम
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
एयरटेल ने प्रीपेड ग्राहकों के लिए यूट्यूब के साथ साझेदारी की घोषणा की है। 200 रुपये के ओटीटी टॉप-अप में 30GB अतिरिक्त डेटा भी मिलेगा।
देश की बड़ी टेलीकॉम कंपनियों में से एक एयरटेल ने शुक्रवार को अपने प्रीपेड ग्राहकों के लिए बड़ी घोषणा की। कंपनी ने यूट्यूब के साथ पार्टनरशिप की है, ताकि ग्राहकों को यूट्यूब प्रीमियम के फायदे मिल सकें। यह ऑफर एक सस्ते एंटरटेनमेंट टॉप-अप के जरिए दिया जा रहा है।
कंपनी का कहना है कि आजकल मोबाइल डेटा सिर्फ कॉलिंग या मैसेज के लिए इस्तेमाल नहीं होता। लोग इससे शो और फिल्में देखते हैं, कंटेंट क्रिएटर्स को फॉलो करते हैं और गाने भी सुनते हैं। ग्राहकों के डेटा इस्तेमाल करने के बदलते तरीके को देखते हुए एयरटेल ने यह घोषणा की है।
इस फैसले से यूजर्स यूट्यूब शॉर्ट्स समेत यूट्यूब को बिना विज्ञापन के देख पाएंगे। इसके अलावा उन्हें बैकग्राउंड प्ले, ऑफलाइन डाउनलोड और यूट्यूब म्यूजिक प्रीमियम का फायदा भी मिलेगा। यानी एयरटेल ग्राहक शो, फिल्मों की स्ट्रीमिंग, क्रिएटर्स के वीडियो और संगीत, सब कुछ एक ही जगह देख-सुन सकेंगे।
जारी की गई प्रेस नोट में एयरटेल ने बताया कि उसके मौजूदा प्रीपेड एंटरटेनमेंट पोर्टफोलियो में अब यूट्यूब प्रीमियम भी शामिल किया जा रहा है। टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर का कहना है कि जो ग्राहक वीडियो देखने, क्रिएटर्स को फॉलो करने, गाने सुनने और नया कंटेंट खोजने में काफी डेटा खर्च करते हैं, उनके लिए यह फैसला फायदेमंद रहेगा।
ग्राहक एयरटेल के 200 रुपये के ओटीटी टॉप-अप से यूट्यूब प्रीमियम का फायदा ले सकते हैं। इस टॉप-अप में यूजर्स को 30GB अतिरिक्त डेटा और दूसरी एंटरटेनमेंट सर्विस का एक्सेस भी मिलेगा। एयरटेल की मौजूदा रेंज में पहले से प्राइम वीडियो, जियो-हॉटस्टार, ZEE5 प्रीमियम और सोनीलिव जैसी सेवाओं के साथ 18 से ज्यादा ओटीटी प्लेटफॉर्म शामिल हैं।
एयरटेल ऐप से यूट्यूब प्रीमियम क्लेम करने के लिए कुछ आसान स्टेप फॉलो करने होंगे। सबसे पहले आपका एलिजिबल एयरटेल प्रीपेड नंबर रिचार्ज होना चाहिए, ताकि कनेक्शन चालू रहे। इसके बाद 200 रुपये का ओटीटी टॉप-अप खरीदें, जिसमें 30GB अतिरिक्त डेटा शामिल है।
फिर अपने स्मार्टफोन में एयरटेल ऐप खोलें और रिवॉर्ड्स एंड ओटीटी सेक्शन में जाएं। वहां दिखने वाले यूट्यूब प्रीमियम बेनिफिट पर क्लिक करें और स्क्रीन पर दी गई सूचनाओं को फॉलो करके यूट्यूब प्रीमियम के फायदे क्लेम कर लें।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।