एयरटेल ने 348 रुपये का नया प्रीपेड प्लान उतारा, 349 वाले से एक रुपये सस्ता
एयरटेल के नए 348 रुपये के प्लान में रोज 2GB डेटा मिलता है, जबकि 349 रुपये वाले प्लान में अनलिमिटेड 5G डेटा है।
टेलिकॉम कंपनियां अपने ग्राहकों के लिए आए दिन नए रिचार्ज प्लान लेकर आती रहती हैं। इसी कड़ी में एयरटेल ने अब 348 रुपये का नया प्रीपेड रिचार्ज प्लान लॉन्च किया है। कंपनी का 349 रुपये वाला प्लान पहले से चल रहा है और काफी लोकप्रिय है। नया प्लान उससे ठीक 1 रुपये सस्ता है। लेकिन इस एक रुपये के फर्क के साथ कंपनी ने दोनों प्लान के फायदों में कुछ अहम बदलाव भी किए हैं।
पहले 348 रुपये वाले नए प्लान की बात करें। इसकी वैलिडिटी 28 दिन की है। इसमें यूजर को हर दिन 2GB हाईस्पीड डेटा मिलता है। किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग मिलती है और रोज 100 एसएमएस का फायदा भी है। पूरी वैलिडिटी में देखें तो ग्राहक को कुल 56GB डेटा मिलता है।
इस प्लान की खास बात यह है कि इसमें 12 महीने के लिए Adobe Express Premium का सब्सक्रिप्शन पूरी तरह फ्री है। इसके साथ एयरटेल सेफ भी मिलता है और 30 दिन के लिए हैलोट्यून्स फ्री दिया जा रहा है।
अब 349 रुपये वाले प्लान को देखते हैं, जो पहले से बाजार में उपलब्ध है। दोनों प्लान की कीमत में सिर्फ 1 रुपये का फर्क है, मगर डेटा और बाकी फायदों में फर्क साफ है। 349 रुपये वाले प्लान में रोज 1.5GB डेटा मिलता है, जबकि 348 रुपये वाले में रोज 2GB।
349 रुपये वाले प्लान का सबसे बड़ा फीचर अनलिमिटेड 5G डेटा है। यानी अगर आपके पास 5G स्मार्टफोन है और आपके इलाके में 5G नेटवर्क मिलता है, तो आप अनलिमिटेड हाईस्पीड इंटरनेट इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा इस प्लान में 6 महीने के लिए Apple Music और Adobe Express Premium का फायदा भी मिलता है।
तो आपके लिए कौन सा प्लान ठीक रहेगा? अगर आप 4G स्मार्टफोन चलाते हैं और इंटरनेट के लिए ज्यादा डेटा चाहिए, तो 1 रुपये सस्ता 348 रुपये वाला प्लान ज्यादा फायदेमंद रहेगा, क्योंकि उसमें रोज ज्यादा यानी 2GB डेटा मिलता है।
इसके उलट, अगर आपके पास 5G फोन है और आप ऐसे इलाके में रहते हैं जहां 5G कवरेज है, तो 349 रुपये वाला प्लान चुनना बेहतर होगा। इससे आपको अनलिमिटेड 5G इंटरनेट का मजा मिल सकेगा।