'दायरा' की डायरेक्टर मेघना गुलजार बोलीं- मेरी फिल्मों में क्राइम-जस्टिस थीम महज इत्तेफाक
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डायरेक्टर मेघना गुलजार की नई फिल्म 'दायरा' जल्द रिलीज होगी।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मशहूर डायरेक्टर मेघना गुलजार एक बार फिर एक थ्रिलिंग और गंभीर विषय पर बनी फिल्म लेकर आ रही हैं। इनकी आने वाली फिल्म 'दायरा' जल्द रिलीज होने वाली है। 'तलवार' और 'राजी' के बाद अब 'दायरा' के चलते ये सवाल उठ रहा है कि मेघना गुलजार की फिल्मों में बार-बार क्राइम, कानून, न्यायव्यवस्था और सजा जैसे विषय ही क्यों आते हैं। इस पर खुद डायरेक्टर ने चुप्पी तोड़ते हुए साफ किया कि ये कोई सोचा-समझा फैसला नहीं, बल्कि महज एक इत्तेफाक है।
'दायरा' की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए मेघना गुलजार ने अपनी फिल्मों की चॉइस के सफर पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उनकी फिल्मों का बैकग्राउंड कानून, न्याय या क्राइम से जुड़ा होना महज एक इत्तेफाक है। ये उनका जानबूझकर लिया गया क्रिएटिव फैसला नहीं है। उनके मुताबिक जब वो किसी कहानी को चुनती हैं, तो उसमें मौजूद सामाजिक या कानूनी फ्रेमवर्क उन्हें आकर्षित नहीं करता, बल्कि उस कहानी की असली आत्मा और उसमें मौजूद लोगों का संघर्ष उन्हें ज्यादा खींचता है।
अपनी डायरेक्शन स्टाइल के बारे में आगे बताते हुए उन्होंने कहा कि न्यायव्यवस्था या क्राइम का बैकग्राउंड कहानी को सिर्फ एक ढांचा या शक्ल देने का काम करता है। लेकिन उनके लिए सबसे जरूरी चीज है 'ह्यूमन कोशंट'। किसी भयानक घटना या हालात में फंसे लोगों की मानसिकता, उनकी भावनाओं और उनकी जिंदगी पर क्या असर पड़ता है, इसे पर्दे पर दिखाना उनके लिए ज्यादा मायने रखता है। यही वजह है कि दर्शकों को इस थीम में एक जैसापन दिखता है, लेकिन हर कहानी में इंसानी भावनाओं की लड़ाई अलग होती है।
मेघना गुलजार की डायरेक्ट की हुई 'दायरा' एक बेहद संवेदनशील विषय पर बनी है। इसकी कहानी एक नाबालिग लड़की के साथ हुए भयानक अत्याचार और अपहरण के मामले के बाद हुए एक विवादित पुलिस एनकाउंटर की जांच के इर्द-गिर्द घूमती है। इस फिल्म में एक्ट्रेस करीना कपूर खान (DCP अजुनी कोहली) और साउथ के सुपरस्टार पृथ्वीराज सुकुमारन (DCP रमण कुमार) दो मुख्य पुलिस अफसरों के रोल में नजर आएंगे। ये दोनों न्याय की दो अलग-अलग और आपस में टकराने वाली सोच और वैल्यूज का प्रतिनिधित्व करते दिखेंगे।
'दायरा' एक नाबालिग लड़की के अपहरण और रेप के मामले के बाद हुए एक विवादित पुलिस एनकाउंटर की जांच पर आधारित है। इस फिल्म में कानून, नैतिकता और सजा के बीच की तीखी टक्कर दिखाई गई है। फिल्म में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन दोनों दिग्गज कलाकार न्याय की दो अलग-अलग सोच का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे। ये फिल्म 18 सितंबर 2026 को रिलीज हो रही है।