अमेज़न का सबसे बड़ा नेटवर्क विस्तार, 20 नए फुलफिलमेंट सेंटर और 150 डिलिवरी स्टेशन शुरू
त्योहारी सीजन से पहले अमेज़न इंडिया ने अपने अब तक के सबसे बड़े लॉजिस्टिक्स नेटवर्क विस्तार की घोषणा की है।
अमेज़न ने त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले अपने ऑपरेशन्स नेटवर्क के अब तक के सबसे बड़े विस्तार की घोषणा कर दी है। कंपनी भारत में 20 नए फुलफिलमेंट सेंटर, 6 नए सॉर्ट सेंटर और 150 नए लास्ट-माइल डिलिवरी स्टेशन शुरू कर रही है। इस विस्तार से अमेज़न की कुल स्टोरेज कैपेसिटी 50 फीसदी बढ़कर 64 मिलियन घन फुट हो जाएगी, जो 720 से ज्यादा ओलंपिक साइज के स्विमिंग पूल के बराबर है। इन नए सेंटर्स को लॉजिस्टिक्स इंडस्ट्री के बड़े पार्टनर्स ऑपरेट और मैनेज करेंगे।
इस बार कंपनी ने मेट्रो शहरों से आगे बढ़कर छोटे शहरों पर ज्यादा फोकस किया है। सभी नए सॉर्ट सेंटर और सात नए फुलफिलमेंट सेंटर नॉन-मेट्रो शहरों में लगाए जा रहे हैं, जिसमें रायपुर, रांची और वाराणसी में अमेज़न का पहला फुलफिलमेंट सेंटर शामिल है। इससे देशभर के दूसरे और तीसरे दर्जे के शहरों में अमेज़न का नेटवर्क और मजबूत होगा। चिक्कबल्लापुर, हसन, मेरठ, रामनगर, रायपुर और वाराणसी में बन रहे नए सॉर्ट सेंटर्स की वजह से कुल सॉर्टेशन एरिया 2.4 मिलियन वर्ग फुट से 25 फीसदी बढ़कर 3 मिलियन वर्ग फुट हो जाएगा।
कंपनी ने असनसोल, भटिंडा, बीकानेर, कोयंबटूर, डोडा, इटावा, गया, होसुर, जौनपुर, जूनागढ़, मदुरई, नेल्लोर, पुरी, सिलीगुड़ी, सोलापुर, तिरुवन्नामलाई, तुमकुर, उधमपुर और वेस्ट गारो हिल्स सहित 118 शहरों में 150 नए लास्ट-माइल डिलिवरी स्टेशन जोड़े हैं, जिससे छोटे कस्बों और शहरों में अमेज़न की पहुंच और बढ़ गई है। इनमें से 12 शहर - भोजपुर, बोकाजान, जालौन, जहानाबाद, नामसाई, पुरुलिया, री-भोई, सेनापति, शिवसागर, उदालगुड़ी, उखरुल और वोखा - में अमेज़न का लास्ट-माइल डिलिवरी स्टेशन पहली बार शुरू हो रहा है। नेटवर्क में लगातार हो रहे इस निवेश की वजह से पिछले एक साल में सेम-डे डिलिवरी की सुविधा 30 फीसदी से ज्यादा शहरों तक पहुंच पाई है, जिससे देशभर के ग्राहकों को तेज और भरोसेमंद डिलिवरी मिल रही है।
यह विस्तार अमेज़न के भारत में नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए हाल ही में ऐलान किए गए 2,800 करोड़ रुपए से ज्यादा के निवेश का हिस्सा है। इससे विक्रेताओं के प्रोडक्ट ग्राहकों के और करीब पहुंचेंगे और ज्यादा इलाकों में अमेज़न की लास्ट-माइल पहुंच बढ़ेगी, जिससे बढ़ती डिमांड को पूरा करते हुए तेज और भरोसेमंद डिलिवरी संभव हो सकेगी।
अमेज़न के इंडिया, एपीएसी, मिडल ईस्ट, तुर्किए और अफ्रीका ऑपरेशन्स के वाइस प्रेसिडेंट अभिनव सिंह ने कहा, "अमेज़न में हमारा फोकस हमेशा ग्राहक और विक्रेताओं के और करीब जाने पर रहा है, ताकि हम उन्हें तेज और भरोसेमंद सर्विस दे सकें। देशभर के ग्राहकों को सर्विस देते हुए हम भारत का सबसे बड़ा, सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद लॉजिस्टिक्स नेटवर्क बनाने में निवेश करते रहे हैं। इस साल हम अपने ऑपरेशन्स नेटवर्क को मजबूत और अपग्रेड करने के साथ-साथ अपने इन्फ्रास्ट्रक्चर को सपोर्ट करने वाली टेक्नोलॉजी को बेहतर बनाने के लिए 2,800 करोड़ रुपए (करीब 300 मिलियन डॉलर) से ज्यादा का निवेश कर रहे हैं। इस दौरान कर्मचारियों की सेफ्टी, हेल्थ और आर्थिक स्थिति को भी सपोर्ट किया जा रहा है। हम अपनी स्पेशल फुलफिलमेंट सुविधाओं का विस्तार करते हुए अपने बड़े नेटवर्क पर प्रोडक्ट्स की ज्यादा रेंज उपलब्ध करा रहे हैं। इसमें ग्राहकों की जरूरतों के हिसाब से बनाए गए डिलिवरी ऑप्शन शामिल हैं, जिसमें अमेज़न नाऊ के जरिए कुछ मिनटों में मिलने वाली डिलिवरी से लेकर कुछ घंटों में, सेम-डे या नेक्स्ट-डे डिलिवरी तक शामिल है। त्योहारी सीजन से पहले हम इन नई सुविधाओं को शुरू करने और देशभर के ग्राहकों को सर्विस देने के लिए तैयार होने को लेकर काफी उत्साहित हैं। इस निवेश से हमें ग्राहक और विक्रेताओं की बदलती जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, साथ ही लाखों रोजगार के मौके बनेंगे और देशभर के लोकल कारोबार को आर्थिक फायदा होगा।"