व्हॉट्सऐप में आएगा मैसेज शेड्यूल करने का फीचर, तय वक्त पर अपने आप जाएगा संदेश
व्हॉट्सऐप कुछ एंड्रॉइड बीटा यूजर्स के साथ शेड्यूल्ड मैसेज फीचर की टेस्टिंग कर रहा है, जिसमें मैसेज तय वक्त पर अपने आप चला जाएगा।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
कई बार ऐसा होता है कि किसी को एक तय वक्त पर मैसेज भेजना होता है, लेकिन हम भूल जाते हैं या उस वक्त फोन बंद हो जाता है। यूजर्स की इसी दिक्कत को देखते हुए व्हॉट्सऐप एक नए फीचर पर काम कर रहा है। बताया जा रहा है कि कंपनी कुछ एंड्रॉइड बीटा यूजर्स के साथ शेड्यूल्ड मैसेज फीचर की टेस्टिंग कर रही है।
यह फीचर आने वाले कुछ हफ्तों में यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें हाथ से मैसेज भेजने की जगह यूजर किसी तय वक्त के लिए मैसेज, लिंक, फोटो या वीडियो शेड्यूल कर सकेगा। यह फीचर पर्सनल और ग्रुप, दोनों तरह की चैट में काम कर सकता है। मैसेज शेड्यूल करने के बाद भेजने वाला ऑफलाइन भी हो, तो भी मैसेज तय वक्त पर अपने आप चला जाएगा। भेजे जाने से पहले उसे डिलीट भी किया जा सकेगा।
WABetaInfo की दी हुई जानकारी के मुताबिक व्हॉट्सऐप अपने एंड्रॉइड बीटा वर्जन 2.26.40.7 इस्तेमाल करने वाले कुछ यूजर्स के लिए यह फीचर रोलआउट कर रहा है। मैसेज शेड्यूल करने के लिए यूजर को सबसे पहले चैट में मैसेज टाइप करना होगा। इसके बाद सेंड बटन को थोड़ी देर दबाकर रखना होगा। अगर फीचर उपलब्ध है, तो व्हॉट्सऐप मैसेज की डिलीवरी के लिए तारीख और वक्त चुनने का ऑप्शन दिखाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फीचर टेक्स्ट मैसेज, लिंक, फोटो और वीडियो को सपोर्ट करता है। यूजर एक बार में सिर्फ एक फोटो या वीडियो ही शेड्यूल कर पाएंगे। फोटो शेड्यूल करने से पहले ड्रॉइंग एडिटर में जाकर उसे एडिट किया जा सकता है और उसमें कैप्शन भी जोड़ा जा सकता है। मैसेज 10 मिनट बाद से लेकर 2 हफ्ते तक के लिए शेड्यूल किया जा सकेगा।
आपके चुने हुए वक्त पर व्हॉट्सऐप वह मैसेज अपने आप भेज देगा। उस वक्त ऐप बंद हो या भेजने वाला ऑफलाइन हो, कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इस फीचर के ग्रुप चैट में भी काम करने की संभावना है। लेकिन मैसेज सिर्फ उन्हीं यूजर्स को भेजा जाएगा, जो मैसेज शेड्यूल करते वक्त ग्रुप का हिस्सा थे। शेड्यूल करने के बाद ग्रुप में जुड़ने वाले यूजर्स को यह मैसेज मिलने की संभावना कम है।
चैट इन्फो स्क्रीन पर यूजर्स को मैसेज पहुंचने से पहले उसे देखने और डिलीट करने के लिए एक डेडिकेटेड सेक्शन भी मिल सकता है। अगर कोई यूजर शेड्यूल किया हुआ मैसेज डिलीट करता है, तो रिसीवर को इसकी कोई नोटिफिकेशन नहीं मिलेगी। शेड्यूल्ड मैसेजेस फीचर में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का सपोर्ट मिलने की भी संभावना है।