UPI में अब QR स्कैन किए बिना पेमेंट, टैप एंड पे और MyUPI लॉन्च
RBI और NPCI ने मुंबई में चल रहे Global Fintech Fest 2026 में UPI Tap & Pay और MyUPI नाम के दो नए फीचर लॉन्च किए हैं, जिससे QR कोड स्कैन करने की झंझट खत्म हो जाएगी।
भारत में UPI से पेमेंट करना अब चाय की टपरी से लेकर मॉल तक हर जगह आम बात हो गई है, लेकिन अक्सर एक दिक्कत सामने आती रहती है। इंटरनेट स्लो होने की वजह से Google Pay या PhonePe जैसे ऐप्स बीच में ही अटक जाते हैं, दुकान पर भीड़ लगी होती है और पेमेंट नहीं हो पाता। इसी झंझट से निजात दिलाने के लिए RBI और NPCI ने एक नया फीचर लाया है।
मुंबई में चल रहे Global Fintech Fest 2026 में यह नया फीचर लॉन्च किया गया। RBI के गवर्नर और NPCI ने मिलकर दो नई चीजें पेश कीं, एक UPI Tap & Pay और दूसरा MyUPI। इन दोनों से UPI का इस्तेमाल पहले से और आसान हो जाएगा।
अब सवाल यह है कि Tap & Pay असल में है क्या। जैसे हम डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड को मशीन पर टैप करके पेमेंट करते हैं, ठीक वैसे ही अब मोबाइल से भी पेमेंट हो सकेगा। अब QR कोड ढूंढने की जरूरत नहीं, कैमरा खोलने की जरूरत नहीं और बार-बार ऐप खोलकर पिन डालने की भी जरूरत नहीं रहेगी। अगर आपका फोन NFC सपोर्ट करता है तो बस फोन अनलॉक करना है और दुकानदार की PoS मशीन पर टैप करना है, पेमेंट हो जाएगा।
दुकानदार की मशीन के इंटरनेट से ही यह ट्रांजेक्शन पूरा हो जाएगा। मतलब आपका नेट स्लो होने पर भी पेमेंट अटकेगा नहीं। जिन गांवों और कस्बों में नेटवर्क की दिक्कत रहती है, वहां रहने वाले लोगों के लिए यह फीचर किसी वरदान से कम नहीं है। नेट के लिए परेशान होने की अब जरूरत नहीं, बस एक टैप और काम हो जाएगा।
NPCI ने एक और अच्छी बात यह की है कि 5000 रुपए तक के छोटे पेमेंट के लिए अब UPI पिन डालने की जरूरत नहीं होगी। टैप करते ही सीधे पेमेंट हो जाएगा। अगर रकम 5000 रुपए से ज्यादा है तो पिन डालना जरूरी रहेगा। इससे सब्जी खरीदने, चाय पीने या ऑटो का किराया देने जैसे रोजमर्रा के छोटे कामों में पेमेंट पहले से ज्यादा तेज हो जाएगा।
Tap & Pay के साथ ही MyUPI नाम का एक नया प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया गया है। यह एक AI आधारित प्लेटफॉर्म है। बहुत से लोगों के 2-3 बैंक अकाउंट और 2-3 UPI आईडी होते हैं, जिनका हिसाब रखना मुश्किल हो जाता है। MyUPI में आपके सारे UPI लेनदेन की जानकारी एक ही जगह दिखेगी। कितने पैसे आए, कहां खर्च हुए, किस बैंक से हुए, यह सब एक क्लिक में पता चल जाएगा। कोई दिक्कत आने पर AI सपोर्ट भी तुरंत मदद करेगा, यानी अलग-अलग ऐप में जाकर हिस्ट्री देखने की जरूरत नहीं रहेगी।
कुल मिलाकर UPI का इस्तेमाल अब कार्ड पेमेंट जितना ही आसान हो गया है। नेट की दिक्कत, QR स्कैन में लगने वाला समय और ऐप हैंग होने जैसी परेशानियों से छुटकारा मिलेगा। Google Pay और PhonePe जैसे ऐप्स को भी यह फीचर अपने ऐप में लाना होगा। जल्द ही यह ऑप्शन सबके फोन में दिखने लगेगा।