टाटा मोटर्स बना रही नई मिड-साइज इलेक्ट्रिक SUV कुनो, 450 किमी से ज्यादा रेंज की उम्मीद
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
टाटा मोटर्स 'कुनो' कोडनेम की नई मिड-साइज इलेक्ट्रिक SUV पर काम कर रही है, जो 2027 से 2028 के बीच भारतीय बाजार में आ सकती है।
टाटा मोटर्स इलेक्ट्रिक वाहन (EV) बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी एक नई मिड-साइज इलेक्ट्रिक SUV पर काम कर रही है, जिसका अंदरूनी कोडनेम 'कुनो' (Tata Kuno EV) रखा गया है। यह कार साल 2027 से 2028 के बीच भारतीय बाजार में लॉन्च हो सकती है।
इस SUV की लंबाई करीब 4.3 मीटर होगी। टाटा के आने वाले पोर्टफोलियो में यह नेक्सॉन और सिएरा के बीच की जगह लेगी। यानी लोकप्रिय नेक्सॉन ईवी (Nexon EV) और आने वाली सिएरा ईवी (Sierra EV) के ठीक बीच में। इसका सीधा मुकाबला एमजी विंडसर इलेक्ट्रिक कार (MG Windsor EV) से होगा।
टाटा की यह नई SUV खासतौर पर फैमिली कार खरीदने वालों को ध्यान में रखकर डिजाइन की जा रही है। इसमें कूपे SUV स्टाइल और लाइफस्टाइल लुक का मेल दिखेगा। बताया गया है कि कुनो में कंपनी के 'कर्व' (Curvv) की कूपे SUV स्टाइल और 'सिएरा' (Sierra) के लाइफस्टाइल लुक का अच्छा मिश्रण देखने को मिलने की संभावना है।
प्लेटफॉर्म की बात करें तो अब तक टाटा की ज्यादातर गाड़ियां ऐसे प्लेटफॉर्म पर बनती थीं, जो ICE (पेट्रोल-डीजल) और EV, दोनों को संभाल सकें। लेकिन कुनो पूरी तरह Acti.ev नाम के समर्पित इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर तैयार होगी। यह कंपनी का एडवांस प्लेटफॉर्म है।
डेडिकेटेड EV प्लेटफॉर्म होने की वजह से इंजीनियरों को बैटरी, मोटर और केबिन की बनावट के लिए काफी खुली जगह मिलेगी। इससे गाड़ी के अंदर बैठने वालों को पैर रखने की ज्यादा जगह (Legroom) और सामान रखने के लिए बड़ा बूट स्पेस मिल सकता है। यात्रियों को ज्यादा कम्फर्ट और स्पेस मिलने की बात कही गई है।
गाड़ी का जोर आरामदायक सफर, केबिन के स्पेस और रोजमर्रा के इस्तेमाल की प्रैक्टिकैलिटी पर रहेगा, ताकि लंबे सफर में भी थकान महसूस न हो।
रेंज को लेकर प्राथमिक रिपोर्ट के मुताबिक कुनो ईवी के टॉप वेरिएंट में एक बार फुल चार्ज में 450 किलोमीटर से ज्यादा चलने की क्षमता (Driving Range) मिलने की उम्मीद है।
बैटरी पैक के बारे में बताया गया है कि कंपनी की दूसरी गाड़ियों में Curvv EV में 55 kWh और Sierra EV में 65 kWh से 75 kWh तक के बैटरी पैक दिए जाते हैं। इसलिए कुनो में भी टाटा की इसी आजमाई हुई और एडवांस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होने की पूरी संभावना है। हालांकि सही बैटरी पैक की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।
फीचर्स की बात करें तो आज के ग्राहकों की पसंद को देखते हुए इस कार में कई आधुनिक फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं। इनमें एक बड़ी टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और केबिन को खुला और हवादार एहसास देने के लिए पैनोरमिक सनरूफ शामिल हैं। सुरक्षा के लिहाज से लेवल-2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंट सिस्टम) की बात है। इसके अलावा ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और कई एयरबैग भी मिल सकते हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।