हीरो डेस्टिनी 110 का क्लासिक एडिशन आया, दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 76,400 रुपये
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
हीरो मोटोकॉर्प ने त्योहारों के मौसम में डेस्टिनी 110 का नया क्लासिक एडिशन उतारा है, जिसमें दो नए ड्युअल-टोन रंग और नए ग्राफिक्स हैं।
त्योहारों का सीजन देखते हुए हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी फैमिली स्कूटर डेस्टिनी 110 का नया क्लासिक एडिशन भारतीय मार्केट में उतार दिया है। इस स्कूटर की एक्स-शोरूम दिल्ली कीमत 76,400 रुपये रखी गई है। यह स्कूटर कंपनी की डीलरशिप पर मिल रही है।
नए एडिशन में निओ-रेट्रो स्टाइलिंग का टच दिया गया है। इसके साथ दो नए ड्युअल-टोन कलर ऑप्शन, फ्रेश ग्राफिक्स और कुछ खास कॉस्मेटिक अपडेट भी मिलते हैं।
रंगों की बात करें तो स्कूटर मैट गोल्डफिश सिल्वर विद लाइट इंडस्ट्रियल ग्रे और मैट एरिस ब्राउन में आती है। पहले रंग के साथ ब्राउन इनर पैनल दिए गए हैं, जबकि दूसरे रंग में इनर पैनल ब्लैक हैं। फ्रंट हैंडल कवर और साइड पैनल पर नई स्ट्राइप्स लगी हैं। मिरर, सीट और इनर पैनल रंग से मैच करते हैं। क्लासिक एडिशन को अलग पहचान देने के लिए 3D बैज और ब्रांडेड रिम टेप भी जोड़े गए हैं। ये सारे बदल सिर्फ डिजाइन तक हैं। इंजन या मैकेनिकल सेटअप में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
इंजन पहले की तरह 110cc का है, जो 8.5 PS पावर और 8.7 Nm टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ हीरो की i3S टेक्नोलॉजी दी गई है। स्कूटर कुछ देर खड़ी रहे तो यह सिस्टम इंजन को अपने आप बंद कर देता है और थ्रॉटल देते ही फिर चालू कर देता है। इससे ट्रैफिक में फालतू फ्यूल खर्च कम करने में मदद मिलती है। स्कूटर में LED प्रोजेक्टर हेडलैंप, LED टेललैंप, पोजीशन लैंप, डिजिटल-एनालॉग स्पीडोमीटर और अलॉय व्हील भी हैं।
फैमिली के लिए स्कूटर खरीदने वालों की सहूलियत के लिए इसमें 785mm लंबी सीट दी गई है। कंपनी के दावे के मुताबिक यह अपने सेगमेंट की सबसे लंबी सीट है। आगे और पीछे, दोनों तरफ 12-इंच के व्हील हैं और पीछे 100/80-12 का टायर लगा है। सामान रखने के लिए 19 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज, फ्रंट स्टोरेज कंपार्टमेंट, मोबाइल चार्जिंग की सुविधा और बूट लैंप भी मिलता है।
भारतीय मार्केट में इस स्कूटर का मुकाबला होंडा एक्टिवा 110 और टीवीएस ज्युपिटर 110 से होगा। सुजुकी एक्सेस 125 भी खरीदारों के पास एक ऑप्शन है। नए रंगों और क्लासिक लुक के साथ डेस्टिनी 110 अब फैमिली स्कूटर सेगमेंट में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रही है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।