रविवार, 11 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
16:49 IST

स्वैगर बॉय और मेक्सिको के फ्रीबोट का नया गाना 'नाच ना' रिलीज, तीन भाषाओं का संगम

मराठी रैपर स्वॅगर बॉय और मेक्सिको के इलेक्ट्रॉनिक संगीत कलाकार फ्रीबोट का गाना 'नाच ना' रिलीज हो गया है।

स्वैगर बॉय और मेक्सिको के फ्रीबोट का नया गाना 'नाच ना' रिलीज, तीन भाषाओं का संगम तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं

'माझ्या सोन्या' गाने से लोकप्रिय हुए मराठी रैपर स्वॅगर बॉय और मेक्सिको के इलेक्ट्रॉनिक संगीत कलाकार फ्रीबोट (FREEBOT) का नया गाना 'नाच ना' रिलीज हो गया है। गाने में मराठी, हिंदी और स्पैनिश, तीन भाषाओं का इस्तेमाल हुआ है। इसमें महाराष्ट्र की टेक ट्रायबल संगीतशैली और मेक्सिकन इलेक्ट्रॉनिक संगीत का मेल सुनने को मिलता है। इस अंतरराष्ट्रीय सहयोग की वजह से सोशल मीडिया पर भी गाने की चर्चा शुरू हो गई है।

यह गाना 'वर्ल्ड ऑफ वाईब्स' रिकॉर्ड लेबल के जरिए पेश किया गया है। कोल्हापुर के निर्माता-निर्देशक रॉक कच्ची ने इसका निर्माण किया है, जबकि झाहिद सय्यद ने निर्देशन और सिनेमैटोग्राफी संभाली है। गाने के वीडियो में अभिनेत्री एकता, अभिनेता रॉक कच्ची और रैपर स्वॅगर बॉय नजर आते हैं।

गाने का विचार फ्रीबोट के भारत दौरे के दौरान बना। 'वर्ल्ड ऑफ वाईब्स' के जरिए महाराष्ट्र में लोकप्रिय टेक ट्रायबल संगीतशैली पर कुछ अलग करने की बात उठी। रॉक कच्ची को भरोसा था कि इस संगीत पर स्वॅगर बॉय की शैली खिलकर आएगी। इसके बाद स्वॅगर बॉय ने एक-दो दिन में ही यह गाना तैयार कर दिया।

कुछ बड़े म्यूजिक लेबल्स ने भी गाने में दिलचस्पी दिखाई थी। लेकिन उनकी तरफ से गाने की बीट बदलने और उसे हिंदी में पेश करने की सलाह आई। इस पर 'वर्ल्ड ऑफ वाईब्स' ने इसकी मराठी पहचान बनाए रखने का फैसला किया। प्रायोजकों से इनकार मिलने के बाद रॉक कच्ची और उनकी टीम ने खुद पैसा लगाकर गाने का निर्माण और म्यूजिक वीडियो पूरा किया।

इस प्रोजेक्ट में रॉक कच्ची ने सेकंडरी प्रोड्यूसर, लेखक और सह-निर्देशक के तौर पर काम किया है। इससे पहले स्वॅगर बॉय और वाय डी के गाने 'माझ्या सोन्या' के वीडियो पर भी झाहिद सय्यद ने काम किया था।

रॉक कच्ची ने कहा, "'तांबडी चांबडी' गाने के बाद मैंने रैपर स्वॅगर बॉय और मेक्सिकन आर्टिस्ट फ्रीबोट को लेकर 'नाच ना' बनाया है। यह सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के क्षेत्रीय संगीत को वैश्विक मंच दिलाने की दिशा में उठाया गया अहम कदम है। स्वॅगर बॉय के संगीत, गीतलेखन और गायन के साथ फ्रीबोट के मेक्सिकन इलेक्ट्रॉनिक संगीत का असर इस गाने में महसूस होगा।"

उन्होंने आगे कहा कि यह महाराष्ट्र की संगीत संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक संगीत की दुनिया से जोड़ने की कोशिश है। मराठी भाषा और स्थानीय संगीत पर गर्व रखते हुए वैश्विक दर्शकों तक पहुंचने का संदेश इस गाने के जरिए दिया गया है। उन्हें उम्मीद है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर गाने को दर्शकों का प्यार मिलेगा।

स्वॅगर बॉय ने कहा, "'माझ्या सोन्या' गाने को आपने बहुत अच्छा सपोर्ट किया। अब मैं आपके लिए महाराष्ट्रीयन और मेक्सिकन स्टाइल का मराठी गाना लेकर आया हूं। रॉक दादा का शुक्रिया कि उन्होंने इस गाने के निर्माण का फैसला लिया। मेक्सिकन आर्टिस्ट भारत आया था तो रॉक दादा ने उसके साथ गाना करने का विचार रखा और फ्रीबोट भी इसके लिए तैयार हो गया।"

स्वॅगर बॉय ने बताया कि 'नाच ना' की शूटिंग पुणे में हुई है। उन्होंने कहा, "मेरे लिए यह गाना सपने जैसा है। सोशल मीडिया पर भी अभी गाना ट्रेंड कर रहा है। मेरे सभी गानों को दर्शकों का ऐसा ही प्यार मिलता रहे। आप अच्छे-अच्छे रील वीडियो बनाइए और हमें टैग करना मत भूलिए।" यह अपील उन्होंने अपने फैंस से की है।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे