सुझुकी एक्सेस 125 बनाम टीवीएस ज्युपिटर 125: कीमत लगभग बराबर, फीचर्स में बड़ा फर्क
125cc स्कूटर सेगमेंट में दो पॉपुलर गाड़ियों की टक्कर, स्टोरेज से लेकर ब्रेकिंग तक हर चीज में अंतर।
125cc स्कूटर सेगमेंट में इंडिया के दुपहिया बाजार में इस वक्त जबरदस्त कॉम्पिटिशन चल रहा है, और इसमें सबसे ज्यादा चर्चा में हैं सुज़ुकी एक्सेस 125 और टीवीएस ज्यूपिटर 125। दोनों स्कूटर लगभग एक ही कीमत में मिलती हैं। दिल्ली एक्स-शोरूम प्राइस के हिसाब से एक्सेस 125 की स्टार्टिंग कीमत 82,185 रुपये है, जबकि ज्यूपिटर 125 के ड्रम अलॉय वेरिएंट की कीमत 81,700 रुपये रखी गई है।
कागज पर दोनों गाड़ियों का इंजन कैपेसिटी एक जैसा दिखता है, मगर बूट स्पेस, ब्रेक सिस्टम और डिजिटल स्पीडोमीटर की टेक्नोलॉजी में काफी फर्क है। दोनों में सिंगल-सिलिंडर, एयर-कूल्ड 125cc इंजन दिया गया है।
एक्सेस 125 के वेरिएंट की बात करें तो स्टैंडर्ड एडिशन ड्रम ब्रेक वेरिएंट 82,185 रुपये में, स्पेशल एडिशन डिस्क ब्रेक वेरिएंट 88,627 रुपये में, राइड कनेक्ट एडिशन डिस्क ब्रेक विथ अलॉय व्हील 90,727 रुपये में, राइड कनेक्ट TFT एडिशन 93,877 रुपये में, राइड कनेक्ट ABS एडिशन 97,030 रुपये में और राइड कनेक्ट TFT ABS एडिशन 1.02 लाख रुपये में मिलता है। दूसरी तरफ ज्यूपिटर 125 का ड्रम-अलॉय वेरिएंट 81,700 रुपये, डिस्क वेरिएंट 86,110 रुपये, DT SXC वेरिएंट 88,950 रुपये और स्मार्टएक्सकनेक्ट वेरिएंट 89,935 रुपये में आता है।
पावर के आंकड़ों पर नजर डालें तो एक्सेस 125 का इंजन 6,500 आरपीएम पर 6.2kW यानी करीब 8.3hp पावर और 5,000 आरपीएम पर 10.2Nm टॉर्क देता है। ज्यूपिटर 125 का इंजन 6,500 आरपीएम पर 6.0kW यानी करीब 8hp पावर और 4,500 आरपीएम पर ही 10.5Nm का थोड़ा ज्यादा टॉर्क जनरेट करता है। चूंकि ज्यूपिटर का टॉर्क कम आरपीएम पर ही मिल जाता है, इसलिए शहर के ट्रैफिक में इसका पिकअप शुरुआत में अच्छा रहता है। वहीं हाई-स्पीड या टॉप स्पीड पर एक्सेस 125 थोड़ी आगे निकलती है।
इन दोनों स्कूटरों में सबसे बड़ा फर्क डिजाइन और स्टोरेज को लेकर है। ज्यूपिटर 125 में 33 लीटर की बड़ी अंडर-सीट स्टोरेज मिलती है, जबकि एक्सेस 125 में सिर्फ 24.4 लीटर की जगह दी गई है। इसलिए रोज हेलमेट, सामान या बैग ले जाने वालों के लिए ज्यूपिटर ज्यादा सुविधाजनक साबित होती है।
सीट की लंबाई को लेकर टीवीएस का दावा है कि ज्यूपिटर की सीट 790 मिमी लंबी है और यह सेगमेंट में सबसे बेस्ट है। मगर सुज़ुकी की ऑफिशियल स्पेसिफिकेशन के मुताबिक एक्सेस 125 की सीट 856 मिमी लंबी है। ऐसे में कंफर्ट चेक करने के लिए खुद शोरूम जाकर गाड़ी पर बैठकर देखना सही रहेगा।
दोनों गाड़ियों के चुनिंदा मॉडल में ही फ्रंट डिस्क ब्रेक का ऑप्शन मिलता है। ज्यूपिटर के डिस्क वेरिएंट में 220 मिमी फ्रंट डिस्क और टीवीएस की सिंक्रोनाइज्ड ब्रेकिंग टेक्नोलॉजी यानी SBT दी गई है। वहीं एक्सेस 125 के राइड कनेक्ट वेरिएंट में फ्रंट डिस्क के साथ कंबाइन्ड ब्रेक सिस्टम यानी CBS मिलता है।
टेक्नोलॉजी की बात करें तो सुज़ुकी एक्सेस के टॉप वेरिएंट में 4.2-इंच कलर TFT क्लस्टर, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके उलट ज्यूपिटर 125 के डिस्क वेरिएंट में सिंपल सेमी-डिजिटल स्पीडोमीटर ही मिलता है।
जिन ग्राहकों को ज्यादा बूट स्पेस, सामान रखने की बड़ी जगह और शहर में तुरंत पिकअप चाहिए, उनके लिए टीवीएस ज्यूपिटर 125 सही ऑप्शन है। जिन्हें मॉडर्न कनेक्टेड फीचर्स, TFT स्क्रीन और थोड़ी ज्यादा पावर चाहिए, उनके लिए सुज़ुकी एक्सेस 125 बेहतर पर्याय हो सकता है। दोनों गाड़ियों की कीमत लगभग एक जैसी होने से रोजमर्रा की जरूरत के हिसाब से फीचर्स चुनना फायदेमंद रहेगा।