सीसीटीवी कैमरे पर छिड़ा संग्राम, पड़ोसन का खल-बट्टे से सिर फोड़ा
दो पड़ोसी महिलाओं के बीच जमकर बवाल, कैमेरे की दिशा को लेकर कई दिनों से चल रहा था विवाद, घायल महिला मेयो अस्पताल में भर्ती
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नागपुर.
सीसीटीवी कैमरे की नजर आखिर किसके घर पर थी इसी सवाल को लेकर दो पड़ोसी महिलाओं के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. एक-दूसरे की आवाजाही पर नजर रखने के संदेह ने ऐसा तूल पकड़ा कि गुस्से में एक महिला ने दूसरी के सिर पर खल-बट्टे से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया. मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद अब आरोपी महिला के खिलाफ हमले का मामला दर्ज किया गया है. संगीता और अंकिता (दोनों काल्पनिक नाम) एक ही अपार्टमेंट में पड़ोसी के रूप में रहती हैं. संगीता का अपने पति से विवाद चल रहा है और पति दूसरी जगह रहते हैं. बताया जाता है कि संगीता के पति ने घर के दरवाजे पर सीसीटीवी कैमरा लगाया था. कैमरे की दिशा को देखकर पड़ोस में रहने वाली अंकिता को संदेह हुआ कि उसके घर आने-जाने वालों पर नजर रखने के लिए कैमरा लगाया गया है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई दिनों से तनातनी चल रही थी.
पुलिस की समझाइश भी नहीं आई काम
विवाद बढ़ने पर मामला थाने तक पहुंचा. दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद पुलिस ने संगीता को कैमरे की दिशा बदलने का अनुरोध किया. संगीता थाने में तो केमेरे दिशा बदलने के लिए तैयार हो गई, लेकिन घर पहुंचने पर टालमटोल करने लगी. अंकिता के दबाव बनाने पर संगीता ने सीसीटीवी कैमेरा हटा दिया. इस बात का पता चलने पर 25 अक्तूबर की सुबह संगीता का पति अपार्टमेंट में आया. वह अंकिता से 'सीसीटीवी कैमेरे से क्या परेशानी है' पूछने लगा. इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी होने पर संगीता भी बीच में कूद पड़ी. उसने गालियां देते हुए सील के बत्ते से हमला करके अंकिता का सिर फोड़ डाला. इस घटना से अपार्टमेंट में खलबली मच गई. अंकिता को मेयो अस्पताल पहुंचाया गया. उसकी शिकायत पर पुलिस ने हमले का मामला दर्ज किया है. यह सीसीटीवी कैमेरा अपार्टमेंट के निवासियों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है. लोगों का कहना है कि आखिर ऐसा क्या है जिसके सीसीटीवी में कैद होने से मामुली बात का बतंगड़ बन गया है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।