पांच साल से चकमा दे रहा था सोनू
क्राइम ब्रांच ने पकड़ा, प्रशांत घोडेस्वार की हत्या में था फरार
नागपुर.
पांच साल तक फरारी, पुलिस की तलाश और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश, लेकिन आखिरकार कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सका. हत्या का यह आरोपी प्रशांत उर्फ सोनू चौधरी है.
इस मामले की शुरुआत वर्ष 2021 में खापरखेड़ा के वार्ड क्रमांक 2 में हुई थी. मोहन किराना दुकान के पास चाइनीज ठेला हटाने को लेकर विवाद हुआ था. प्रशांत घोडेस्वार का गावंडे कॉम्प्लेक्स के सामने ठेला लगा था. ठेला हटाने की बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया था. प्रशांत उर्फ सोनू चौधरी समेत सात आरोपियों ने मिलकर प्रशांत घोडेस्वार पर हमला किया और धारदार हथियार से उसका गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद खापरखेड़ा पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने छह आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन सोनू चौधरी फरार होने में सफल हो गया था.
पांच साल तक तलाश, फिर डब्ल्यूसीएल कॉलोनी में मिला सुराग
हत्या के मामले में फरार सोनू चौधरी की तलाश जारी थी. आखिरकार क्राइम ब्रांच यूनिट-6 ने तकनीकी जांच और गोपनीय जानकारी के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया. इसके बाद पुलिस टीम ने चनकापुर स्थित डब्ल्यूसीएल कॉलोनी में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया. पांच साल से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए खापरखेड़ा पुलिस के हवाले किया गया.
ट्रक चालक की हत्या कर लूट लिया था लोहा
सोनू चौधरी का नाम एक अन्य गंभीर आपराधिक मामले में भी सामने आया था. पुलिस के मुताबिक 2015 में वर्धा जिले के देवली पुलिस थाना क्षेत्र में ट्रक चालक रंजीतसिंह कुशवाह की अगवा कर हत्या करने और ट्रक में रखे लोहे की लूट के मामले में भी वह लिप्त है। इस प्रकरण में वह करीब 22 महीने जेल में रहा था. बाद में अदालत में पेशियों पर अनुपस्थित रहने के कारण उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ है. 2019 में खापरखेड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज लूट के मामले में भी आरोपी का नाम सामने आया था। अब हत्या के मामले में उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस संबंधित प्रकरणों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।