शरद पवार रुबी हॉल क्लिनिक में भर्ती, छाती में इन्फेक्शन, सुप्रिया सुले बोलीं: चिंता की बात नहीं
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शरद पवार पुणे के रुबी हॉल क्लिनिक में भर्ती हैं। अस्पताल के डॉ. पुरवेज के. ग्रांट ने निवेदन जारी कर कहा है कि उन्हें निगरानी में रखा गया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस शरदचंद्र पवार पार्टी के अध्यक्ष और देश के पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें सोमवार को पुणे के रुबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों से उन्हें ठीक नहीं लग रहा था, फिर डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल ले जाया गया। अभी विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही है।
85 साल की उम्र में भी पवार सूखे की मार झेल रहे इलाकों में घूम रहे थे। वे तीन दिन से सोलापुर, धाराशिव, बीड और आसपास के सूखा प्रभावित इलाकों के दौरे पर थे। शनिवार 31 अक्टूबर और रविवार 1 नवंबर को वे सोलापुर जिले के माढा तालुका के तुलशी गांव और पंढरपुर तालुका के दुधाली गांव गए। तुलशी में उन्होंने सूखे के हालात को करीब से देखा, किसानों से बात करके उनकी परेशानियां सुनीं और भरोसा दिलाया कि ये बातें सरकार तक पहुंचाई जाएंगी।
लगातार भागदौड़ के बीच उन्हें खांसी, कफ और कमजोरी महसूस होने लगी। सोमवार को उनका अगला दौरा रद्द करना पड़ा और वे सोलापुर से सीधे पुणे लौटकर रुबी हॉल क्लिनिक पहुंचे।
पवार की बेटी और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले ने X पर जानकारी दी। उनके मुताबिक पवार की छाती में इन्फेक्शन है और इसके लिए उन्हें पाँच दिन एंटीबायोटिक्स लेनी होंगी। सुले ने लिखा, "बाबा को खांसी की तकलीफ है, इसलिए उन्हें पुणे के रुबी हॉल क्लिनिक में भर्ती किया गया है। वहां उनके अलग-अलग हेल्थ टेस्ट किए जा रहे हैं। उनके सभी हेल्थ पैरामीटर्स पूरी तरह सामान्य और स्थिर हैं। मैं सबको उनकी सेहत के बारे में समय-समय पर अपडेट देती रहूंगी।" उन्होंने कहा कि बाकी सारी रिपोर्ट सामान्य हैं, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं। साथ ही दुआएं देने वालों और इलाज कर रहे डॉक्टरों का उन्होंने शुक्रिया अदा किया।
अस्पताल के प्रमुख, मुख्य हृदयरोग विशेषज्ञ, अध्यक्ष और प्रबंध ट्रस्टी डॉ. परवेज के. ग्रांट ने बयान जारी किया। बयान के मुताबिक पवार को सांस लेते वक्त छाती में दर्द हो रहा था। डॉ. ग्रांट ने कहा, "नियमित हेल्थ चेक-अप और फेफड़ों में दर्द (प्ल्युरिटिक पेन) की वजह से शरद पवार को अस्पताल में भर्ती किया गया है। एहतियात के तौर पर उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।" डॉक्टरों को उम्मीद है कि उनकी हालत जल्द स्थिर हो जाएगी।
प्ल्युरिटिक पेन छाती के एक खास किस्म के दर्द को कहते हैं, जो सांस लेने, खांसने या छींकने पर बढ़ जाता है। फेफड़ों के आसपास की झिल्ली में सूजन आ जाए तो यह तकलीफ होती है। डॉक्टरों ने पवार को पूरा आराम करने को कहा है।
पवार के कार्यालय के मुताबिक वे अगले दो दिन अस्पताल में ही रहेंगे। सारे जरूरी टेस्ट पूरे होने के बाद डॉक्टरों की राय से तय होगा कि छुट्टी कब दी जाए।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भी अस्पताल पहुंचीं और हालचाल पूछा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि तबीयत फिलहाल कंट्रोल में है और इलाज सही दिशा में चल रहा है।
खबर फैलते ही राज्य भर से पार्टी के कार्यकर्ता पुणे की ओर निकल पड़े। इस पर रोहित पवार ने अपील की कि अस्पताल में भीड़ न लगाई जाए, ताकि इलाज में कोई रुकावट न आए। उन्होंने कहा कि पवार की तबीयत स्थिर है और कार्यकर्ता अस्पताल न आएं। परिवार की तरफ से सेहत की जानकारी समय-समय पर दी जाती रहेगी।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।