पुलिस का पीछा, तेज रफ्तार और फिर जोरदार टक्कर
बैरिकेड से भिड़कर पलटी कार, 3 ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार
नागपुर के कामठी में तड़के सुबह पुलिस और ड्रग्स तस्करों के बीच ऐसा घटनाक्रम सामने आया, मानो किसी फिल्म का एक्शन सीन चल रहा हो. मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित तीन आरोपी टाटा हैरियर कार से जा रहे थे. तभी ड्रैगन पैलेस टेम्पल मार्ग पर पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया। लेकिन रुकने के बजाय चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस से बचकर भागने लगा. फिर हुआ कुछ ऐसा कि तेज रफ्तार कार मेट्रो रेल निर्माण स्थल के बैरिकेड से टकराकर पलट गई. जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. कहानी शुरू होती है एक गुप्त सूचना से. न्यू कामठी के पुलिस निरीक्षक नितिन राठोड को जानकारी मिली कि एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित आरोपी मो. शारीक मो. रजीक अपने दो साथियों के साथ टाटा हैरियर कार में यशोधरा नगर क्षेत्र में मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई. पुलिस टीम ने तड़के 5 बजे से आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया. कुछ देर बाद संदिग्ध कार घोरपड़ मार्ग से यशोधरा नगर होते हुए कन्हान की दिशा में जाते हुए दिखाई दी. पुलिस टीम ने ड्रैगन पैलेस टेम्पल मार्ग पर रेलवे अंडरपास के पास कार को रुकने का इशारा किया. कार को शारीक ही चला रहा था. पुलिस टीम को देखकर उसने कार की गति तेज कर दी. वह कामठी की दिशा में भागने लगा. मार्ग पर मेट्रो रेल का निर्माण कार्य चल रहा था. कुछ ही दूरी पर शारीक का कार से नियंत्रण छूट गया. कार सीधे निर्माण स्थल पर लगे बैरिकेड से जा टकराकर पलट गई. कार के परखच्चे उड़ गए. सारिक और उसके साथियों को भागने का मौका भी नहीं मिल पाया. पुलिस ने तीनों को दबोच लिया. शारीक के साथ अब्दुल करीम मो. मुकीम (30) और गुलाम यशदाणी मो. रशीद अंसारी (26) थे. तीनों मादक पदार्थ की तस्करी में पुलिस को वांछित थे.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।