फिलीपींस में यात्री फेरी में लगी आग, 5 की मौत, 87 लापता
कोरोन के पास समुद्र में एमवी जून एस्टर फेरी में आग, तटरक्षक दल का बचाव अभियान जारी।
फिलीपींस के मशहूर टूरिस्ट स्पॉट पलावान प्रांत के पास समुद्र में एक बड़ा हादसा हो गया। राजधानी मनीला से कोरोन आइलैंड जा रही यात्री फेरी 'एमवी जून एस्टर' को खुले समुद्र में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग की तेज लपटों और धुएं ने पूरे जहाज को अपनी चपेट में ले लिया। यह खबर फैलते ही पूरे इलाके और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
तटरक्षक दल की शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह हादसा कोरोन के किनारे से करीब 2.2 किलोमीटर (करीब 1.2 नॉटिकल मील) दूर समुद्र में हुआ। जहाज अपनी मंजिल के बिल्कुल करीब पहुंच ही रहा था कि अचानक यह हादसा हो गया, जिससे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बताया जा रहा है कि कई यात्रियों ने आग की भयानक लपटों से बचने के लिए सीधे समुद्र में छलांग लगा दी।
आग की खबर मिलते ही फिलीपीन कोस्ट गार्ड तुरंत मौके पर पहुंच गया और बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तटरक्षक दल की टीमों ने स्थानीय मछुआरों और इमरजेंसी टीमों की मदद से अब तक 42 लोगों को समुद्र से सुरक्षित निकाला है। इनमें 38 यात्री और जहाज के 4 क्रू मेंबर शामिल हैं। लेकिन इस हादसे में 5 यात्रियों की आग में झुलसकर और समुद्र में डूबकर मौत हो गई। तटरक्षक दल ने 5 शव समुद्र से निकालकर किनारे पर लाए हैं। बचाए गए कुछ यात्री गंभीर घायल हैं, जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तटरक्षक दल की प्रवक्ता कैप्टन नोएमी कायाबियाब ने बताया कि जहाज की आधिकारिक मेनिफेस्ट में कुल 134 लोगों के नाम दर्ज थे, जिसमें 117 यात्री और 17 क्रू मेंबर शामिल थे। इस हिसाब से 42 लोगों के बचने और 5 की मौत के बाद भी अभी 87 लोग लापता हैं। कायाबियाब ने साफ कहा, "यह सीधा आंकड़ा है और समुद्र में सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन अभी युद्धस्तर पर चल रहा है। इसलिए लापता और बचाए गए लोगों की संख्या में बदलाव हो सकता है।" लापता यात्रियों को ढूंढने के लिए हेलिकॉप्टर, बोट और गोताखोरों की मदद ली जा रही है।
फिलीपीन कोस्ट गार्ड ने इस हादसे और रेस्क्यू ऑपरेशन का एक ऑफिशियल वीडियो अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया है। इस वीडियो में पूरी 'एमवी जून एस्टर' फेरी धू-धू कर जलती दिख रही है और समुद्र से धुएं के गुबार उठते नजर आ रहे हैं। रात के अंधेरे में तटरक्षक दल के जवान और स्थानीय मछुआरे लाइफ जैकेट फेंककर समुद्र में तैर रहे यात्रियों को बचाने की कोशिश करते इस वीडियो में साफ दिख रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और दुनियाभर से चिंता जताई जा रही है।
फेरी में आग किस वजह से लगी, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। जहाज के इंजन रूम में शॉर्ट सर्किट हुआ या कोई और वजह थी, इसकी जांच समुद्री सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। कोरोन दुनियाभर के टूरिस्ट के बीच बेहद पसंदीदा और मशहूर जगह मानी जाती है। यह अपने खूबसूरत बीच और दूसरे विश्व युद्ध में डूबे जहाजों के मलबे के लिए जानी जाती है। इस हादसे ने घूमने आए सैकड़ों परिवारों पर गम का पहाड़ ढा दिया है।