पार्लर के महंगे फेशियल से नहीं आया चेहरे पर निखार तो घर पर ही आजमाएं ये तरीका
गणपति के त्योहार की भागदौड़ में चेहरे की चमक फीकी पड़ गई हो और पार्लर के महंगे फेशियल से भी ग्लो नहीं आ रहा हो, तो घर में रखी चीजों से ही चेहरा निखारा जा सकता है।
गणपति बप्पा के आने के बाद हर तरफ खुशी और रौनक का माहौल रहता है। घर की साफ-सफाई, पूजा-पाठ और मेहमानों की आवाजाही में पूरा दिन कब निकल जाता है, पता ही नहीं चलता। ऐसे में खुद पर ध्यान देने के लिए वक्त निकालना मुश्किल हो जाता है।
बहुत सी महिलाएं गणपति से एक-दो दिन पहले पार्लर जाकर फेशियल या क्लीनअप करवा लेती हैं। लेकिन इसके बावजूद चेहरे पर वो चमक नहीं आती जो चाहिए होती है। हजारों रुपये खर्च करने के बाद भी चेहरे की रौनक नहीं बढ़ती। ऐसे में हर बार महंगी ट्रीटमेंट, फेशियल या क्लीनअप पर पैसे खर्च करने की बजाय घर पर ही होममेड फेशियल किया जा सकता है। इससे स्किन चमकदार दिखती है और टैनिंग भी कम होती है।
बदलते मौसम की वजह से त्वचा अक्सर बेजान और ड्राई हो जाती है, जिसके लिए लोग महंगी क्रीम का सहारा लेते हैं। लेकिन इसकी जगह रसोई में मौजूद चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है। फेशियल शुरू करने से पहले सबसे पहले माइल्ड फेसवॉश से चेहरा साफ कर लें। इसके बाद रूई पर गुलाब जल लगाकर चेहरे पर लगाएं और दो से तीन मिनट तक त्वचा को सूखने दें।
चेहरे पर जमी धूल, मिट्टी और चिपचिपाहट हटाने के लिए स्क्रब करना बहुत जरूरी है। इसके लिए मिक्सर के जार में ओट्स और दही मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को पूरे चेहरे पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। मसाज करने से चेहरे पर जमा डेड स्किन हटती है और चेहरा साफ नजर आता है। स्क्रब के लिए कॉफी पाउडर का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
स्क्रब करने के बाद चेहरे पर भाप लेनी चाहिए। भाप लेने से त्वचा के रोमछिद्रों में जमी गंदगी साफ होने में मदद मिलती है। ध्यान रखें कि भाप ज्यादा देर तक न लें, वरना चेहरा रूखा पड़ सकता है। जिनकी त्वचा बहुत ज्यादा ड्राई है, वे दही और शहद का फेसपैक लगाएं और जिनकी त्वचा ऑयली है, वे चंदन पाउडर और गुलाब जल मिलाकर बनाया गया पेस्ट लगाएं। फेसपैक लगाने के बाद कुछ देर वैसे ही रहने दें और फिर गुनगुने पानी से चेहरा धो लें।
फेशियल के बाद चेहरे पर मॉइश्चराइजर लगाना बिल्कुल न भूलें, वरना चेहरा रूखा पड़ सकता है। त्वचा की देखभाल के लिए सिर्फ फेशियल करना काफी नहीं है, इसके साथ नियमित रूप से भरपूर पानी पीना, पौष्टिक खाना, शारीरिक गतिविधि और अच्छी नींद लेना भी उतना ही जरूरी है। इन सब से त्वचा अंदर से सुंदर और चमकदार बनी रहती है। चेहरे की चमक बढ़ाने के लिए हमेशा महंगे प्रोडक्ट की जरूरत नहीं होती। रसोई में मौजूद चीजें भी त्वचा को अंदर से चमकदार रखने में मदद करती हैं।