नशेड़ी कार चालक ने मचाया तांडव
कई लोग हुए जख्मी, आरोपी को नागरिकों ने पीटा, भांडेवाड़ी में मामला दर्ज
नागपुर.
नशा ऐसा चढ़ा कि कार चालक को सड़क पर चलने वाले लोग दिखाई देना ही बंद हो गए. नशे में धुत्त कार चालक ने पूर्व नागपुर में प्रजापति नगर से वाठोडा चौक तक हड़कंप मचाकर कई लोगों को टक्कर मारकर जख्मी कर दिया. आरोपी 40 वर्षीय संदेश बाबूलाल नामदेव को भांडेवाड़ी पुलिस ने हिरासत में लिया है. संदेश 30 अक्तूबर की दोपहर 11.30 शराब के नशे में कार लेकर सड़क पर निकला. कार की गति काफी तेज होने से उसका नियंत्रण छूट गया. उसने प्रजापति नगर से वाठोड़ा चौक के दौरान कई लोगों को अपनी चपेट में लिया. बाईक चालक 58 साल के पंकज दुधाराम नंदनवार को जख्मी करने के बाद पोहे का ठेला लगानेवाले ज्ञानेश्वर गायकवाड और एक ऑटो को टक्कर मार दी. गायकवाड़ और ऑटो चालक को भी चोट आ गई. गायकवाड़ का ठेला भी क्षतिग्रस्त हो गया. इसी दौरान लोग कार का पीछा करने लगे. उन्होंने वाठोड़ा चौक के पास संदेश को पकड़ लिया. उसकी जमकर धुनाई कर दी. घटना का पता चलने पर भांडेवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची. उसने संदेश को हिरासत में ले लिया. मेडिकल जांच के बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया. संदेश वाहन चालक का काम करता है. उसे कार के मालिक ने बच्चों को स्कूल छोड़ने और लाने के लिए रखा था. बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद उसने शराब का सेवन किया था.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।