गुटखा तस्कर अंसारी बंधुओं पर छापा
सीपी के एस्कार्ट टीम की कार्रवाई, 9.37 लाख का माल बरामद
नागपुर
पुलिस आयुक्त की एस्कॉर्ट टीम ने यशोधरा नगर में आधी रात को छापा मारकर 9.37 लाख रुपये का प्रतिबंधित गुटखा बरामद किया है. यह माल घर के टिन शेड वाले कमरे और किराए के कमरे में छिपाकर रखा गया था. इस मामले में दो भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
मेहबूबपुरा के टिपू सुल्तान चौक और नूरी मस्जिद के पास पुलिस आयुक्त की एस्कॉर्ट टीम को प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू का स्टॉक रखे होने का पता चला. टीम ने दोनों स्थान पर छापेमारी कर दी. पहला स्थान फईम अंसारी का घर, जहां पहली मंजिल पर बने टिन शेड के कमरे में प्रतिबंधित माल छिपाकर रखा गया था. इसके बाद पुलिस ने उसके भाई नदीम उर्फ लखन अंसारी के किराए के कमरे की तलाशी ली. यहां से भी प्रतिबंधित तंबाकूजन्य पदार्थों बरामद हुआ. पूछताछ में फईम अंसारी ने पुलिस को बताया कि जब्त किया गया माल उसके भाई नदीम उर्फ लखन अंसारी का है. दोनों भाई मिलकर शहर के अलग-अलग पानठेला संचालकों को प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकूजन्य पदार्थों की सप्लाई करते थे. घर और किराए के कमरे को गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था. पुलिस ने फईम अंसारी और नदीम उर्फ लखन अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।