नांदेड में टाटा मैजिक और ट्रक की टक्कर, 8 लोगों की मौत, 5 घायल
भोकर तालुका के सीताखंडी घाट के पास हुए हादसे में टाटा मैजिक गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया।
बैलपोला त्यौहार की रौनक के बीच नांदेड जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। भोकर तालुका में सीताखंडी घाट के पास टाटा मैजिक और मालवाहू ट्रक आमने-सामने से टकरा गए। इस भीषण हादसे में 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्रियों को ले जा रही टाटा मैजिक गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
यह हादसा गुरुवार, 10 सितंबर को शाम करीब 7 बजे हुआ। नांदेड से यात्रियों को लेकर टाटा मैजिक गाड़ी भोकर की तरफ जा रही थी। गाड़ी का नंबर MH 26 AK 0548 बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि गाड़ी में 15 से ज्यादा यात्री सवार थे।
भोकर शहर से कुछ दूरी पर स्थित सीताखंडी घाट के पास पहुंचते ही टाटा मैजिक की सामने से आ रहे मालवाहू ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद टाटा मैजिक सड़क के किनारे जा गिरी। गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह तबाह होने की वजह से कई यात्री गाड़ी के अंदर ही फंस गए।
इस हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में सय्यद अलमास, शेख फिरोज, पांडुरंग लिंगू वाघमारे, उनकी पत्नी लक्ष्मीबाई पांडुरंग वाघमारे, बलवान पवार और एक अनजान व्यक्ति शामिल है। पांडुरंग वाघमारे और उनकी पत्नी लक्ष्मीबाई की इस हादसे में मौत होने से इलाके में मातम छाया हुआ है। इसके बाद गंभीर घायलों में से दो और लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे इस हादसे में मरने वालों की संख्या 8 तक पहुंच गई।
हादसे में ट्रक ड्राइवर बासुमिया शेख काजुलमिया के अलावा शेख खलील शेख वहीद, सोमनाथ मारुती येलगे और कुछ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत भोकर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है और कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने टाटा मैजिक में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस भीषण हादसे की वजह से सीताखंडी घाट इलाके में कुछ देर के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने हालात को काबू में करते हुए ट्रैफिक सुचारू करने का काम किया।
बैलपोला के दिन ही नांदेड में यह हादसा होने से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। त्यौहार की खुशियों पर इस घटना से दुख का साया छा गया है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच पुलिस कर रही है। वहीं मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।