नागपुर आ रही 4 करोड़ की हवाला कैश जब्त
पिकअप में बना रखा था सीक्रेट चेंबर, दुर्ग पुलिस ने दबोचे दो कैश कूरियर, नागपुर के हवाला नेटवर्क से जुड़े तार
नागपुर.
दीपावली से पहले नागपुर आ रही हवाला की कैश पकड़े जाने से हवाला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप वैन से 4 करोड़ रुपये बरामद किए है. कैश को पिकअप के पिछले हिस्से में बनाए गए सीक्रेट चेंबर में छिपाकर रखा गया था. पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह रकम नागपुर के हवाला व्यापारी को भेजी गई थी.
सीक्रेट चेंबर खुलते ही उड़े पुलिस के होश
छत्तीसगढ़ पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बोलेरो पिकअप वैन क्रमांक CG 04 U 0596 में भारी मात्रा में नकदी लेकर नागपुर की ओर जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने रास्ते में नाकाबंदी की. दुर्ग जिले के खुर्सीपार के पास संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई. पिकअप के पिछले हिस्से में खास तरीके से सीक्रेट चेंबर बनाया गया था. उसके भीतर नोटों के बंडल छिपाकर रखे गए थे. चेंबर खुलते ही पुलिस के सामने करोड़ों रुपये की नकदी का खुलासा हुआ. इसके बाद वाहन में सवार दोनों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई. पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान भावेश भाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है. दोनों हवाला नेटवर्क के लिए कैश कूरियर का काम करते है. वह कैश की डिलीवरी देने के लिए नागपुर आ रहे थे. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम किसकी थी और इसे नागपुर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था.
दीपावली से पहले हवाला कारोबार पर सवाल
दीपावली करीब आते ही नागपुर के बाजारों में नकदी का लेन-देन बढ़ गया है. सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ से नागपुर रोजाना 12 से 15 करोड़ रुपये की नकदी पहुंचाई जाती है. रायपुर के बाद नागपुर को हवाला कारोबार का बड़ा केंद्र माना जाता है. ऐसे में दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नागपुर में सक्रिय हवाला नेटवर्क को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 4 करोड़ रुपये की इस खेप का असली मालिक कौन है, नागपुर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी और क्या इस कार्रवाई से हवाला कारोबार से जुड़े बड़े चेहरों तक पुलिस पहुंच पाएगी. सूत्रों के अनुसार बरामद कैश कथित पी विजय की बताई जाती है. इसका हवाला का बड़ा कारोबार है. उसका वर्धमान नगर में कार्यालय है. इसके पहले भी हवाला कैश की बरामदगी में यह नाम चर्चा में रहा है. दुर्ग पुलिस की कार्रवाई से नागपुर पुलिस में भी हड़कंप मचा हुआ है. हवाला के सवार्धिक कार्यालय लकड़गंज, तहसील तथा कोतवाली थाने के तहत है. इतवारी स्थित अनाज बाजार का भुतड़ा चेंबर हवाला कारोबार का केंद्र है.
नेताओं के करीबी उद्योजक है मददगार
नागपुर के हवाला नेटवर्क पर मुट्ठी भर लोगों को का राज है. इनके इसारे पर ही पुरा हवाला संचालित होता है. इन्होंने हवाला के कमाई से अकूत संपति बनाई है. कोई भी कार्रवाई होने उनके हितचिंतक सक्रिय हो जाते है. नेताओं की मदद से हाल में उभरे अधिकांश उद्योजकों को हवाला नेटवर्क की काफी मदद मिल रही है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।