मेटा का इंस्टाग्राम अब Apple TV पर, टीवी की बड़ी स्क्रीन पर देख सकेंगे रील्स
मेटा ने इंस्टाग्राम ऐप को Apple TV के लिए जारी कर दिया है। यूजर्स अब रील्स, बड़े वीडियो और लाइव शो टीवी पर देख सकेंगे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम अब सिर्फ मोबाइल की छोटी स्क्रीन तक सीमित नहीं रहा। मेटा ने अपना यह लोकप्रिय प्लेटफॉर्म Apple TV पर भी उपलब्ध करा दिया है। इसका मतलब है कि यूजर्स अब रील्स का मजा बड़ी स्क्रीन पर ले सकेंगे। रील्स के साथ-साथ दूसरे वीडियो और लाइव शो भी टीवी पर देखे जा सकेंगे।
कंपनी ने इंस्टाग्राम का वीडियो अनुभव स्मार्टफोन से आगे बढ़ाकर लिविंग रूम तक पहुंचाने की कोशिश की है। इससे दोस्त और परिवार के लोग एक साथ बैठकर इंस्टाग्राम का कंटेंट देख सकते हैं।
अब ऐप स्टोर पर इंस्टाग्राम ऐप Apple TV के लिए भी मिल रहा है। इससे पहले इंस्टाग्राम ऐप की लिस्टिंग में सिर्फ आईफ़ोन और आईपैड के लिए सपोर्ट दिया गया था। उसमें Apple TV शामिल नहीं था। अब कंपनी ने Apple TV के लिए भी ऐप जारी कर दिया है, तो यूजर्स इसे Apple TV पर डाउनलोड करके बड़ी स्क्रीन पर रील्स देख सकेंगे।
यह ऐप मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकता है। इसमें इन-ऐप खरीदारी का विकल्प भी दिया गया है। एक बात याद रखनी होगी कि बड़ी स्क्रीन पर इंस्टाग्राम देखने के लिए Apple TV में tvOS 26.0 या उससे नया सॉफ्टवेयर वर्जन होना जरूरी है।
टीवी पर इंस्टाग्राम का अनुभव सिर्फ छोटे वीडियो तक सीमित नहीं रहेगा। यूजर्स अपने पसंदीदा क्रिएटर्स के वीडियो देख सकते हैं और अपनी पसंद के हिसाब से कंटेंट खोज भी सकेंगे। ऐप में रील्स के अलावा बड़े वीडियो और लाइव शो देखने का विकल्प भी मिलेगा। एक फीचर यह भी है कि यूजर्स किसी दूसरे डिवाइस पर जो वीडियो अधूरा छोड़ देते हैं, उसे टीवी पर आगे देख सकेंगे।
मेटा ने दिसंबर 2025 में अमेजन फायर टीवी डिवाइस पर इंस्टाग्राम सपोर्ट देकर टेस्टिंग शुरू की थी। इसके बाद फरवरी 2026 में गूगल टीवी और जून 2026 में सैमसंग स्मार्ट टीवी के लिए भी इंस्टाग्राम ऐप का विस्तार किया गया। अब कंपनी ने Apple TV के लिए भी ऐप उपलब्ध करा दिया है।
Apple TV पर इंस्टाग्राम लाकर मेटा ने अपने वीडियो प्लेटफॉर्म को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की है। अब यूजर्स को मोबाइल की छोटी स्क्रीन पर अकेले रील्स देखने की जरूरत नहीं होगी। वे टीवी की बड़ी स्क्रीन पर दोस्तों और परिवार के साथ रील्स देख सकेंगे।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।