IMDb की दशक की सबसे पसंदीदा भारतीय स्ट्रीमिंग सीरीज में 'स्कैम 1992' पहले नंबर पर
IMDb ने पिछले दस साल की सबसे लोकप्रिय भारतीय स्ट्रीमिंग सीरीज की लिस्ट जारी की है। इसमें 'स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी' सबसे ऊपर है, साथ में 'क्रिमिनल जस्टिस' और 'ब्लैक वारंट' भी शामिल हैं।
ओटीटी पर हर हफ्ते नई सीरीज आती हैं, लेकिन कुछ ही सीरीज ऐसी होती हैं जो रिलीज के कई साल बाद भी दर्शकों के दिमाग में बनी रहती हैं। IMDb ने भारतीय स्ट्रीमिंग की पिछले दशक की सबसे लोकप्रिय सीरीज की लिस्ट जारी की है और इसमें 'स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी' पहले नंबर पर है। इसके अलावा 'क्रिमिनल जस्टिस' और 'ब्लैक वारंट' को भी इस लिस्ट में जगह मिली है। ये तीनों सीरीज बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट की हैं।
हंसल मेहता के निर्देशन में बनी 'स्कैम 1992' अक्टूबर 2020 में रिलीज हुई थी। यह सीरीज हर्षद मेहता की जिंदगी और भारत के आर्थिक इतिहास की कुछ अहम घटनाओं पर आधारित है। दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया और अब IMDb की दशक भर की लिस्ट में यह सबसे ऊपर है।
खास बात यह है कि 2020 में आने के बाद से 2024 तक, लगातार पांच साल यह सीरीज लोकप्रियता की लिस्ट में बनी रही। इसकी कहानी, कलाकारों की एक्टिंग और पेशकश की वजह से आज भी दर्शकों के बीच इसकी चर्चा होती है।
'क्रिमिनल जस्टिस' ने भी लिस्ट में अपनी जगह बनाई है। यह सीरीज 2019, 2021, 2022 और 2025 की लिस्ट में आई। हर नए सीजन के साथ दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखने में इसे कामयाबी मिली है। वहीं चर्चा में रही 'ब्लैक वारंट' को 2025 की लिस्ट में जगह मिली। इन तीनों सीरीज की कामयाबी के बाद बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट के कंटेंट की एक बार फिर चर्चा हो रही है।
अप्लॉज एंटरटेनमेंट के चीफ कंटेंट ऑफिसर दीपक सहगल ने 'स्कैम 1992' की इस कामयाबी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि हंसल मेहता के क्रिएटिव नजरिए की वजह से इस सीरीज को अलग पहचान मिली। 'क्रिमिनल जस्टिस' और 'ब्लैक वारंट' को दर्शकों से मिल रहे प्यार पर भी उन्होंने संतोष जताया।
डायरेक्टर हंसल मेहता के मुताबिक 'स्कैम 1992' की कामयाबी सिर्फ रिलीज के वक्त मिले रिस्पॉन्स पर टिकी नहीं है। उनका कहना है कि कई साल बाद भी यह सीरीज सत्ता, पैसे, महत्वाकांक्षा और सिस्टम पर सवाल उठाती है, और यही इसकी असली ताकत है। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार पांच साल लिस्ट में बने रहना दर्शकों के प्यार को दिखाता है।
सीरीज में हर्षद मेहता का किरदार निभाने वाले एक्टर प्रतीक गांधी के लिए भी यह सीरीज अहम रही। इस रोल से उनके सामने एक्टिंग के नए मौके खुले। प्रतीक गांधी ने कहा कि इतने साल बाद भी दर्शकों से मिल रहा प्यार उनके लिए खास है। उन्होंने यह रोल देने के लिए हंसल मेहता का शुक्रिया भी अदा किया।
'स्कैम' सीरीज का सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। तीसरे सीजन 'स्कैम 2010' की तैयारी की वजह से दर्शकों में उत्सुकता है। इस नए सीजन में भारत के आर्थिक इतिहास का एक और अहम अध्याय सामने आएगा। कई साल बाद भी दर्शकों की पसंद में टिकी रहने वाली कहानियां ओटीटी की दुनिया में कितनी मायने रखती हैं, यह इस कामयाबी से साफ दिखता है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।