गर्लफ्रेंड के विवाद में छात्र पर जानलेवा हमला
महंगा पड़ा नसीहत देना, बीच-बचाव के लिए आया मित्र गंभीर जख्मी, खापरखेड़ा में वारदात
नागपुर.
गर्लफ्रेंड को परेशान करने से मना किया तो नाबालिग के सिर पर बदले का जुनून सवार हो गया. वह अपने पांच साथियों को साथ लेकर वह दोस्त से भिड़ने पहुंचा, लेकिन बीच-बचाव करने आए 17 वर्षीय साहिल को ही निशाना बना लिया. आरोपियों ने साहिल को लात-घूंसों से पीटने के बाद शराब की बोतल से उसके सीने पर वार कर दिया. मामूली विवाद में हत्या की कोशिश की इस वारदात से खापरखेड़ा के नांदा-लोनखैरी फाटक परिसर में सनसनी फैल गई.
बदले की आग में भड़का था नाबालिग
घायल साहिल का दोस्त सौरभ की एक छात्रा के साथ दोस्ती है. आरोपी नाबालिग छात्रा को लगातार परेशान कर रहा था. छात्रा ने इसकी जानकारी सौरभ को दी, जिसके बाद सौरभ ने आरोपी नाबालिग को ऐसा करने से रोका और नसीहत दी. यही बात आरोपी को इतनी चुभ गई कि उसने सौरभ से बदला लेने की ठान ली. 26 अक्टूबर की रात आरोपी नाबालिग अपने पांच साथियों के साथ सौरभ को तलाश रहा था. नांदा-लोनखैरी फाटक के पास सौरभ के मिलते ही आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. खुद को घिरा देख सौरभ ने अपने दोस्त जख्मी साहिल को फोन कर मदद के लिए बुलाया. सौरभ की मदद के लिए साहिल तत्काल मौके पर पहुंचा. उसने आरोपियों को समझाकर विवाद शांत कराने और मारपीट रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसकी बात सुनने के बजाय उसी पर हमला बोल दिया. लात-घूंसों से पिटाई करने के बाद शराब की बोतल से उसके सीने और हाथ पर वार कर दिया. इस हमले में साहिल की जान लेने की कोशिश की गई.
गर्लफ्रेंड को परेशान करने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते जानलेवा हमले में बदल गया. मामले से जुड़े सभी आरोपी छात्र बताए जा रहे हैं. खापरखेड़ा पुलिस ने नाबालिग और उसके पांच साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. महज एक नसीहत से शुरू हुई रंजिश का इस हद तक पहुंचना छात्रों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।