दिवाली की रात पटाखों के विवाद में अमन उर्फ बॉबी की हत्या, मुख्य आरोपी अक्षय मडावी समेत 5 गिरफ्तार
22 आपराधिक मामलों वाले रिकॉर्डधारी आरोपी को क्राइम ब्रांच ने प्रतापनगर चौक से दबोचा; फरारी में मदद करने वाला साथी भी गिरफ्तार, किया सोनेट कार, मोपेड और तीन मोबाइल सहित 17.20 लाख का माल जब्त
नागपुर। दिवाली की रात नागपुर के देवनगर इलाके में पटाखे फोड़ने को लेकर हुआ मामूली विवाद 27 वर्षीय अमन उर्फ बॉबी की हत्या का कारण बन गया था। कार के रास्ते में पटाखे फोड़ने से मना करने पर हुए विवाद में आरोपियों ने अमन पर चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने मुख्य आरोपी अक्षय मडावी को प्रतापनगर चौक से गिरफ्तार किया है। वहीं, उसे फरारी के दौरान पनाह देने और पुलिस से बचने में मदद करने वाले पियुष नेनवानी को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा बजाजनगर पुलिस की डीबी टीम ने हत्या में शामिल तीन अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया है। इस तरह मामले में अब तक कुल पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
जन्मदिन मनाने पहुंचे थे देवनगर
मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे हुड़केश्वर निवासी अमन उर्फ बॉबी अपने दोस्त अक्षय नौकरकर के साथ कार से देवनगर में अपने मित्र प्रसाद राऊत का जन्मदिन मनाने पहुंचा था। इसी दौरान देवनगर चौक स्थित एक जूस सेंटर के सामने कुछ युवक सड़क पर पटाखे फोड़ रहे थे। कार के रास्ते में पटाखे फोड़ने से मना करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि मुख्य आरोपी अक्षय मडावी और उसके साथियों ने अमन पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके पेट पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल अमन को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
22 आपराधिक मामलों वाला आरोपी गिरफ्तार
इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी अक्षय मडावी को लेकर पुलिस जांच में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। वह अंबाझरी क्षेत्र का रिकॉर्डधारी अपराधी बताया जा रहा है और उसके खिलाफ करीब 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वारदात के बाद से ही वह फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने समानांतर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुख्य आरोपी अक्षय मडावी के प्रतापनगर चौक स्थित अतिथि रेस्टॉरेंट के पास छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल जाल बिछाकर दबिश दी और फरार होने की कोशिश कर रहे अक्षय को गिरफ्तार कर लिया।
फरारी में साथी ने की मदद
जांच में पियुष नेनवानी की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, पियुष को जानकारी थी कि अक्षय मडावी देवनगर हत्याकांड में वांछित है। इसके बावजूद उसने उसे छिपने के लिए ठिकाना उपलब्ध कराया। इतना ही नहीं, उसे सिमकार्ड और खाने-पीने की व्यवस्था भी मुहैया कराई। पुलिस के पहुंचने से पहले उसे वहां से फरार होने में मदद करने का भी आरोप है। पुलिस ने पियुष को भी गिरफ्तार कर लिया।
तीन अन्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में
दूसरी ओर, बजाजनगर पुलिस की डीबी टीम ने इस हत्याकांड में शामिल तीन अन्य आरोपियों सुजल शेडाम, आदित्य कलसकर और समीर कावले को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब सभी आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
17.20 लाख का माल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई किया सोनेट कार, एक मोपेड और आईफोन सहित तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 17 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी अक्षय मडावी और पियुष नेनवानी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बजाजनगर पुलिस के हवाले कर दिया।
फिलहाल सभी पांचों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।