जेल से छूटते ही फिर रंगदारी का आरोप, मिठाई कारोबारी से मांगे 5 हजार रुपये
सीए रोड स्थित मनीष बेकरी में घुसकर आरोपी ने कर्मचारी को धमकाया; सामान लेकर बिना पैसे दिए फरार, रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी
नागपुर। जेल से बाहर आते ही एक आरोपी पर दोबारा रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। नागपुर के तहसील थाना क्षेत्र में सीए रोड स्थित मनीष बेकरी प्रोडक्ट्स में घुसकर आरोपी ने कथित तौर पर न केवल बिना पैसे दिए ड्रायफ्रूट का पैकेट और फैमिली पैक आइसक्रीम उठा ली, बल्कि दुकान में काम करने वाले कर्मचारी से हर बार 5 हजार रुपये देने की मांग भी की। आरोपी ने धमकी दी कि यदि दुकान में कारोबार करना है तो उसे पैसे देने होंगे। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
दुकान में घुसकर दिखाई दबंगई
मिली जानकारी के अनुसार, सीए रोड पर चंद्रलोक बिल्डिंग के पास अक्षय अग्रवाल की मनीष बेकरी नाम से मिठाई की दुकान है। सोमवार को अरबाज शानू उर्फ भांजा, निवासी मोमिनपुरा, दुकान पर पहुंचा। उसने अपने हाथों से ड्रायफ्रूट का पैकेट और फैमिली पैक आइसक्रीम उठा ली।
जब दुकान के कर्मचारी सागर पटेल ने उससे सामान के पैसे मांगे, तो आरोपी ने रौब दिखाते हुए कहा कि अगर यहां धंधा करना है तो उससे पैसे नहीं मांगने चाहिए।
हर बार 5 हजार रुपये देने की धमकी
आरोप है कि दुकान से सामान लेकर जाते समय आरोपी ने कर्मचारी सागर पटेल को धमकाया कि जब भी वह दुकान पर आएगा, उसे खर्चे के लिए 5 हजार रुपये देने होंगे। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद दुकान संचालक की शिकायत पर तहसील पुलिस ने आरोपी अरबाज शानू उर्फ भांजा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।