मंगलवार, 10 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

नागपुर में प्लॉट बेचने के नाम पर 2.80 लाख की धोखाधड़ी!

जुर्म PT24 टीम

जिस जमीन का सौदा किया,वह आरोपी के नाम पर ही नहीं थी;10 साल बाद नंदनवन थाने में मामला दर्ज

नागपुर। प्लॉट बेचने के नाम पर एक सेवानिवृत्त महिला से 2 लाख 80 हजार रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने प्लॉट की बिक्री के लिए पूरी रकम लेने के बावजूद न तो रजिस्टर्ड बिक्री पत्र तैयार कराया और न ही महिला को जमीन का कब्जा दिया। बाद में जांच करने पर पता चला कि जिस जमीन का सौदा किया गया था, वह आरोपी के नाम पर ही नहीं थी। साथ ही संबंधित लेआउट की जमीन आदिवासी भूमि होने की जानकारी भी सामने आई। पीड़िता की शिकायत पर नंदनवन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता रेणुका देवराव नंदनवार (61), निवासी यशोधरा नगर ने वर्ष 2016 में अपने भांजे राहुल धकाते के माध्यम से मिलिंद ताराचंद कलंबे (46), निवासी हिवरी नगर, नंदनवन से प्लॉट खरीदने का सौदा किया था। यह प्लॉट ग्रीन विलेज लैंड डेवलपमेंट, जय गंगा अपार्टमेंट, बिनाकी परिसर में बताया गया था। इस सौदे के लिए महिला ने आरोपी को 2 लाख 80 हजार रुपये दिए थे।

रकम लेने के बाद जब महिला ने प्लॉट का रजिस्टर्ड बिक्री पत्र तैयार करने की मांग की, तो आरोपी ने रजिस्ट्री बंद होने का बहाना बनाकर टाल दिया। इसके बाद महिला ने प्लॉट का कब्जा पत्र मांगा, लेकिन आरोपी ने कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया।

लगातार टालमटोल से संदेह होने पर महिला ने संबंधित जमीन की जानकारी हासिल की। जांच में पता चला कि जिस जमीन का सौदा किया गया था, वह आरोपी के नाम पर नहीं थी। साथ ही संबंधित लेआउट की जमीन आदिवासी भूमि होने की बात भी सामने आई।

इसके बाद पीड़िता ने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन वह पैसे लौटाने में लगातार आनाकानी करता रहा। आरोप है कि 9 फरवरी 2026 को आरोपी ने मूल प्लॉट के बदले 600 वर्गफीट का दूसरा प्लॉट देने का समझौता किया। हालांकि, उसने न तो दूसरा प्लॉट दिया और न ही पहले ली गई 2.80 लाख रुपये की रकम वापस की।

आखिरकार महिला ने नंदनवन पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी मिलिंद कलंबे के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन