मंगलवार, 10 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

नागपुर में पटाखे फोड़ने पर सख्त पुलिस कार्रवाई, शिकायत के लिए 24 घंटे की हेल्पलाइन जारी

रात में वर्दी पहने पुलिसकर्मी खड़े हैं, सामने पटाखे, पीछे पुलिस गाड़ी और रोशनी वाला भवन
शहर PT24 टीम

6 से 14 नवंबर तक सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे जलाने पर प्रतिबंध; नियमों के उल्लंघन की शिकायत 9823300100 पर की जा सकेगी, पुलिस आयुक्तालय में बनाया गया कंट्रोल रूम

दिवाली के दौरान ध्वनि और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नागपुर पुलिस ने पटाखे फोड़ने को लेकर सख्त नियम लागू किए हैं। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं नियमों का उल्लंघन कर पटाखे फोड़े जा रहे हैं, तो इसकी शिकायत 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 9823300100 पर दर्ज कराएं। शिकायतों के लिए पुलिस आयुक्तालय में अलग से कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।

पुलिस के निर्देशों के अनुसार, 6 से 14 नवंबर तक सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे फोड़ने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा पेट्रोल पंप, गैस सिलेंडर गोदाम, ज्वलनशील सामग्री के भंडार और पटाखों की दुकानों से 200 फीट के दायरे में पटाखे जलाने की अनुमति नहीं होगी।

स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और अदालतों के आसपास निर्धारित शांत क्षेत्रों में भी पटाखे फोड़ने पर रोक लगाई गई है। पुलिस ने चेन यानी लड़ियों वाले पटाखों पर प्रतिबंध लगाया है। वहीं, पटाखा विक्रेताओं को केवल ग्रीन पटाखे बेचने के निर्देश दिए गए हैं।

नागपुर पुलिस ने नागरिकों से नियमों का पालन करने और त्योहार के दौरान दूसरों की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

#नागपुर#शहर#PT24#Civic#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन