डेटा लीक की खबरों के बीच SBI का भरोसा: खाते का पैसा सुरक्षित, ग्राहकों को अलर्ट
SBI ने कहा है कि ग्राहकों के खाते में जमा रकम सुरक्षित है। प्रभावित ग्राहकों को ईमेल और व्हॉट्सऐप से अलग से सूचना दी जा रही है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI के ग्राहकों में इन दिनों डर का माहौल है। डेटा लीक की खबर आने के बाद से साइबर सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। अब बैंक ने ग्राहकों के खाते में जमा पैसों की सुरक्षा पर अपनी बात साफ की है।
बैंक ने साफ किया है कि ग्राहकों के खाते में जमा रकम सुरक्षित है। जिन ग्राहकों पर इस घटना का असर पड़ा है, उन्हें बैंक ने अब ईमेल और व्हॉट्सऐप के जरिए अलग-अलग सूचना देना शुरू कर दिया है। साथ ही बैंक ने ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग इस्तेमाल करते वक्त सावधानी बरतने की सलाह भी दी है।
SBI के मुताबिक, डार्क वेब पर मौजूद करीब ३.७५ लाख रिकॉर्ड की शुरुआती जांच में ग्राहकों की पहचान की जानकारी वाले ३,८९७ रिकॉर्ड सामने आए हैं। इस संभावित डेटा लीक की जांच के लिए बैंक ने साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों को लगाया है।
बैंक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक बयान जारी किया। उसमें कहा गया, "हाल की साइबर घटना को लेकर हमारी पिछली पोस्ट के बाद, बैंक ने इस घटना से जिन ग्राहकों का डेटा प्रभावित हुआ है, उन सभी को ईमेल और व्हॉट्सऐप के जरिए अलग से सूचित कर दिया है।" बयान में यह भी कहा गया, "हम यह भी दोहराना चाहते हैं कि आपके खाते की बैलेंस रकम और फंड हमारे पास सुरक्षित हैं।"
बैंक ने ग्राहकों से सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग तरीके अपनाने को कहा है। उसकी सलाह है कि अपना ओटीपी, पिन या पासवर्ड किसी के साथ शेयर न करें और संदिग्ध कॉल, मैसेज और ईमेल से सावधान रहें।
यह बयान इसी हफ्ते की शुरुआत में आई बैंक की स्वीकारोक्ति के बाद आया है। तब देश के सबसे बड़े बैंक ने माना था कि उसके डेटा में लीक हुआ है और ३,८९७ ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर आ गया है। बैंक ने यह भी बताया था कि उसे अपनी थ्रेट इंटेलिजेंस सर्विस प्रोवाइडर, डिफेन्स सायबर एजन्सी और CERT-In की तरफ से ग्राहक डेटा के संभावित लीक को लेकर एक सूचना मिली थी।
कौन सी जानकारी लीक होने का शक है, इस बारे में कहा जा रहा है कि जांच में सामने आए रिकॉर्ड में ग्राहकों से जुड़ी कई तरह की निजी जानकारी है। इसमें ग्राहकों के नाम और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, जन्मतारीख और ईमेल आईडी, घर का पता और लिंग की जानकारी, बैंक की शाखा और ग्राहक आईडी का ब्योरा, और लोन व लीड रिकॉर्ड से जुड़ी कुछ जानकारी शामिल है।
तो क्या आपका पैसा सुरक्षित है? SBI ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि उनके खाते में जमा रकम सुरक्षित है। बैंक के मुताबिक, इस घटना का उसके कोर बैंकिंग कामकाज, आर्थिक प्रदर्शन या कारोबार के लगातार चलते रहने पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।