सोम‌वार, 26 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
AQI 319 | Very Poor 09:59 IST

नागपुर में क्राइम ब्रांच का छापा, 1.54 करोड़ का माल जब्त, फल्ली गुप्ता भी पकड़ा गया

नरेंद्रनगर के फ्लैट से 1,405 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार, फरार विशाल उर्फ फल्ली गुप्ता और उसकी गर्लफ्रेंड रामेश्वरम के रास्ते में पकड़े गए।

नागपुर में क्राइम ब्रांच का छापा, 1.54 करोड़ का माल जब्त, फल्ली गुप्ता भी पकड़ा गया तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं

नागपुर क्राइम ब्रांच को कांग्रेस पार्षद शुभम मोटघरे के घर पर फायरिंग के मामले में बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में फरार चल रहे विशाल उर्फ फल्ली गुप्ता की तलाश के दौरान पुलिस को उसके साथियों का लोकेशन मिला। इसके बाद नरेंद्रनगर के एक फ्लैट पर छापा मारा गया, जहां से बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स बरामद हुई।

पुलिस ने लगातार निगरानी रखी और सटीक जानकारी के आधार पर नरेंद्रनगर परिसर के विजया अपार्टमेंट के फ्लैट में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक इसी फ्लैट से फल्ली अपना ड्रग नेटवर्क चला रहा था। यहां से 5 पेडलर पकड़े गए। तलाशी में उनके पास से 1,405 ग्राम मेफेड्रॉन ड्रग्स (एमडी) मिली।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम अनिकेत उर्फ अन्नू संजय बिहारे (19), शुभम उर्फ डोरेमोन दिलीप नरवरिया (31), कृष्णा सुनील वर्मा (19), तूफान सिंह बालू सिंह सिसोदिया (38) और राहुल रामकुमार गोंड (32) हैं। पुलिस ने इनसे 6 मोबाइल फोन, एक कार, 4 दोपहिया वाहन, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा और नकद 3.44 लाख रुपये भी जब्त किए। कुल जब्त माल की कीमत 1.54 करोड़ रुपये है।

फल्ली और उसकी गर्लफ्रेंड सहेली उर्फ सोनू पंधराम को पुलिस ने रामेश्वरम के रास्ते में गिरफ्तार किया। फल्ली ने 26 अगस्त को श्रावणनगर में पार्षद शुभम मोटघरे के घर पर फायरिंग कराई थी। इस मामले में वह मुख्य आरोपी है। पुलिस ने तब 7 आरोपियों को पकड़कर मोका के तहत कार्रवाई की थी, लेकिन फल्ली, सहेली पंधराम, अनिकेत बिहारे और अशोक बाबाजी यादव समेत कुछ आरोपी फरार थे। कुछ और मामलों में भी फल्ली को पुलिस ढूंढ रही थी।

क्राइम ब्रांच को खबर मिली थी कि नवरात्रि के दौरान फल्ली नागपुर आया था और कोराडी मंदिर में दर्शन के लिए भी गया था। तभी से पुलिस उसके पीछे लगी थी। दो दिन पहले पुलिस को पता चला कि वह रामेश्वरम में है। तुरंत एक टीम वहां के लिए रवाना हुई। फल्ली और सहेली बस से रामेश्वरम की तरफ जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही दबोच लिया।

यह कार्रवाई डीसीपी दीपक अग्रवाल और एसीपी वैभव जाधव के मार्गदर्शन में पीआई विनायक गोल्हे और उनकी टीम ने की। तकनीकी जांच में पुलिस को बिहारे का सुराग मिला था और उसे खोजते हुए टीम विजया अपार्टमेंट के फ्लैट तक पहुंची।

पुलिस के अनुसार एमडी ड्रग्स राजस्थान से नागपुर में बिक्री के लिए लाई गई थी। राजस्थान के भूपेंद्र सिंह ने आरोपियों को यह माल सप्लाई किया था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी वॉट्सएप और इंस्टाग्राम कॉल का इस्तेमाल करते थे।

एक पुलिसकर्मी की शिकायत पर बेलतरोड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच बेलतरोड़ी पुलिस कर रही है। भूपेंद्र सिंह की तलाश में जल्द ही एक टीम राजस्थान रवाना होगी।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे