आयफोन के नए फोल्डेबल मॉडल की कीमत में आ जाएंगी टाटा, मारुति और रेनो की पांच कारें
एप्पल की नई आयफोन 18 सीरीज के फोल्डेबल मॉडल की भारत में कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये बताई जा रही है, इतने बजट में टाटा, मारुति और रेनो की पांच कारें भी मिल जाती हैं।
एप्पल ने बाजार में अपनी नई आयफोन 18 सीरीज उतारी है, और इसमें कंपनी का पहला फोल्डेबल फोन आयफोन 18 डुओ खासा चर्चा में है। इस नए फोन के टॉप मॉडल की भारत में कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई जा रही है। एक स्मार्टफोन की कीमत साढ़े चार लाख रुपये होना आम आदमी के लिए हैरान करने वाली बात है। खास बात यह है कि इतने ही बजट में भारत में टाटा, मारुति और रेनो जैसी बड़ी कंपनियों की पांच नई कारें आसानी से खरीदी जा सकती हैं। आइए देखते हैं इस बजट में कौन-कौन सी कारें मिल रही हैं।
मारुति सुजुकी की एस-प्रेसो देश की सबसे सस्ती गाड़ियों में गिनी जाती है। इसके STD (O) पेट्रोल मैनुअल वेरिएंट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 3.50 लाख रुपये है। इसके LXI (O) की कीमत 3.82 लाख रुपये और VXI (O) वेरिएंट की कीमत 4.32 लाख रुपये है। यानी आयफोन 18 डुओ की कीमत में एस-प्रेसो का टॉप वेरिएंट भी आराम से घर लाया जा सकता है।
भारतीय मिडिल क्लास परिवारों की पहली पसंद रही मारुति ऑल्टो के10 भी इस बजट में फिट बैठती है। इसके STD (O) मॉडल की कीमत 3.70 लाख रुपये है, जबकि LXI (O) और कमर्शियल Tour H1 वेरिएंट की कीमत करीब 4 लाख रुपये है। खास बात यह है कि 4 लाख रुपये खर्च करके यह कार खरीदने के बाद भी करीब 50 हजार रुपये बचे रह जाते हैं।
स्टाइलिश लुक के लिए जानी जाने वाली रेनो क्विड भी इस लिस्ट में शामिल है। इसके Evolution MT वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 4.53 लाख रुपये है, जो आयफोन की कीमत के लगभग बराबर ही है। इसके अलावा बजट में थोड़ा इजाफा करके इस कार का AMT यानी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स वाला ऑप्शन भी लिया जा सकता है।
अगर हैचबैक सेगमेंट में थोड़ी बड़ी और सेफ कार चाहिए तो टाटा टियागो अच्छा ऑप्शन हो सकती है। इसके बेस Smart पेट्रोल मैनुअल वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 4.77 लाख रुपये है। यह कीमत आयफोन के बजट से थोड़ी ज्यादा जरूर है, लेकिन थोड़ी एडजस्टमेंट करके इस मजबूत कार का मजा लिया जा सकता है।
भारतीय बाजार में सबसे ज्यादा बिकने वाली मारुति वैगनआर भी इस लिस्ट में है। इसके LXI पेट्रोल MT वेरिएंट की कीमत 4.99 लाख रुपये है, जो आयफोन से करीब 50 हजार रुपये महंगी है। मगर ज्यादा केबिन स्पेस और फैमिली कार का एक्सपीरियंस चाहने वालों के लिए यह थोड़ा ज्यादा पैसा खर्च करना फायदे का सौदा हो सकता है।
यहां बताई गई सभी कारों की कीमतें एक्स-शोरूम हैं।