बुधवार, 18 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

ट्राई की स्पैम पर सख्ती: तीन महीने में 1.24 लाख से ज्यादा टेलीकॉम संसाधनों पर कार्रवाई

मोबाइल की दुकान में ग्राहक और कर्मचारी फोन देखते हैं, काउंटर पर डिब्बे रखे हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
कारोबार PT24 टीम

ट्राई ने जुलाई से सितंबर 2026 के बीच स्पैम कॉल और एसएमएस के खिलाफ 1.24 लाख से ज्यादा टेलीकॉम संसाधनों पर कार्रवाई की। 374 संस्थाएं एक साल के लिए काली सूची में डाली गईं।

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने अनचाहे विज्ञापन वाले फोन कॉल और मैसेज, यानी स्पैम कॉल और एसएमएस, पर लगाम कसने के लिए सख्त कार्रवाई शुरू की है। जुलाई से सितंबर 2026 की तीन महीने की अवधि में ट्राई ने 1.24 लाख से ज्यादा टेलीकॉम संसाधनों पर कार्रवाई की है।

ट्राई की वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही की रिपोर्ट के मुताबिक नियम तोड़ने वाली 374 संस्थाओं को एक साल के लिए काली सूची में डाला गया है। पहली बार नियम तोड़ने वाले 1 लाख 10 हजार 325 मोबाइल नंबरों समेत टेलीकॉम संसाधनों की आउटगोइंग सेवाएं 15 दिन के लिए बंद कर दी गईं। वहीं बार-बार नियम तोड़ने वाले 13 हजार 777 नंबरों के कनेक्शन एक साल के लिए काट दिए गए।

ग्राहकों को विज्ञापन वाले कॉल और जरूरी सेवा संदेशों का फर्क समझ में आए, इसके लिए ट्राई ने अलग-अलग नंबर सीरीज तय की है। विज्ञापन वाले कॉल के लिए 140 सीरीज है, जबकि बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, बीमा और सरकारी सेवाओं के लिए 1600 सीरीज इस्तेमाल होती है। इसके अलावा 10 अगस्त से लॉजिस्टिक्स, डिलीवरी और सार्वजनिक सेवा देने वालों के लिए 1601 नाम की अलग सीरीज शुरू की गई है।

जुलाई से सितंबर के बीच ट्राई के पास अनचाहे कमर्शियल मैसेज और कॉल को लेकर 15.29 लाख शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से 7.23 लाख शिकायतें कार्रवाई के लायक पाई गईं। कुल शिकायतों में से 92.9 प्रतिशत, यानी 14.21 लाख शिकायतें ट्राई के "डू नॉट डिस्टर्ब" (डीएनडी) ऐप के जरिए मिलीं। सितंबर के अंत तक इस ऐप को 42.36 लाख बार डाउनलोड किया जा चुका था।

टेलीकॉम कंपनियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित सिस्टम की मदद से 19.9 अरब संदिग्ध कॉल और मैसेज पकड़े। इनमें 18.28 अरब कॉल और 1.62 अरब एसएमएस शामिल हैं। जिन संस्थाओं पर स्पैम भेजने का शक था, उन्हें 45.9 लाख से ज्यादा चेतावनियां दी गईं। इसके साथ ही केवाईसी जांच में फेल रहे 9,977 कनेक्शनों पर भी कार्रवाई की गई।

#नागपुर#कारोबार#PT24#Business#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन