सत्ताधारी दल के चर्चित नेता शोएब असद ने 32 लोगों को लगाया करोड़ों का चूना
87 प्लॉट बेचकर 3 करोड़ से ठगा,जमीन मालिक के फर्जी हस्ताक्षर-नोटरी करारनामे का इस्तेमाल, छह महीने में तीन मामले दर्ज
नागपुर.
फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले सत्ताधारी दल के चर्चित नेता शोएब असद की एक और कारगुजारी सामने आई है. इस बार उसने 32 लोगों को जमीन का मालिक बताकर 87 प्लॉट बेच डाले. शुरुआती जांच में इस पूरे फर्जीवाड़े की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है. आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर ठगी का आंकड़ा और बढ़ सकता है.
इस जमीन घोटाले की शिकायत बेजनबाग निवासी विशाल भैसारे ने यशोधरा नगर थाने में दर्ज कराई है. भैसारे की अपेक्स लैंड डेवलपर्स नामक फर्म है. उनकी फर्म की भीलगांव में खसरा क्रमांक 142 की 5.66 एकड़ जमीन है. शोएब असद ने इस जमीन पर बिना किसी अनुमति के रॉयल होम्स एसोसिएट के नाम से लेआउट तैयार कर दिया. इसके बाद जमीन के 87 प्लॉट 32 लोगों को बेच दिए.
जमीन मालिक के फर्जी हस्ताक्षर, नोटरी करारनामे का सहारा
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, शोएब ने जमीन के मूल मालिकों के फर्जी हस्ताक्षर और नोटरी किए गए बिक्री करारनामों के आधार पर जमीन को अपनी मालिकी का बताकर प्लॉट बेचना शुरू कर दिया. खरीदारों को भी इस कथित फर्जीवाड़े की भनक तक नहीं लगी. जब प्लॉट खरीदने वाले जमीन पर पहुंचे, तब असली मालिकाना हक को लेकर विवाद सामने आया. विशाल भैसारे को भी इस पूरे खेल की जानकारी मिली. उन्होंने खरीदारों को बताया कि संबंधित जमीन उनकी फर्म की मालिकी की है. इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई.
32 खरीदारों के 87 प्लॉट, 3 करोड़ का शुरुआती आंकड़ा
यशोधरा नगर पुलिस की जांच में सामने आया कि 32 लोगों ने करीब 58 गुंठे जमीन में कुल 87 प्लॉट खरीदे हैं. शुरुआती जांच में इन प्लॉट की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई गई है. शोएब ने कई लोगों को प्लाट की रजीस्ट्री भी करके दी है. पुलिस ने शोएब असद के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस कथित फर्जीवाड़े में शोएब के साथ और कितने लोग शामिल हैं तथा कितने खरीदारों को निशाना बनाया गया.
दर्जन भर मामले, फिर भी है बेखौफ
शोएब असद का नाम जमीन के फर्जीवाड़े और विवादित प्लॉट बिक्री को लेकर पहले भी सामने आता रहा है. अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ जमीन संबंधी धोखाधड़ी के दर्जन भर मामले दर्ज बताए जाते है. बताया जाता है कि बीते आठ महीनों में ही उसके खिलाफ तीन मामले दर्ज हुए हैं. वह खुद को सत्ताधारी दल का नेता बताकर पीड़ितों और पुलिस पर प्रभाव जमाने की कोशिश करता है. मामला दर्ज होने के बाद अदालत से राहत लेकर बेखौफ हो जाता है. वह लगातार लोगों को ठगी का शिकार बना रहा है. इससे पुलिस की कार्रवाई और जांच की गति पर सवाल उठना लाजिमी है. करोड़ों रुपये की जमीन के कथित फर्जीवाड़े ने एक बार फिर शहर में सक्रिय लैंड माफिया और फर्जी लेआउट के कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि पुलिस ने शोऐब की ठगी से लिप्त लोगों से शिकायत दर्ज कराने की अपील की है.
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।