जान से मारने की धमकी के बाद अब होटल का पानी बंद!
बिल्डर पर होटल व्यवसायी का गंभीर आरोप, एक साल से पुलिस के चक्कर काट रहा परिवार, 112 पर फोन करने के बाद भी नहीं मिली राहत
नागपुर.
सिताबर्डी के पॉश इलाके में होटल व्यवसायी को पहले पिस्तौल की नोक पर जान से मारने की धमकी देने और अब उसके रेस्टोरेंट की पानी की आपूर्ति बंद करने का मामला सामने आया है. हैरानी की बात यह है कि करीब एक साल पहले पुलिस आयुक्त कार्यालय में जान से मारने की धमकी की शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक बिल्डर के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. पुलिस के इस रवैये से परेशान होटल व्यवसायी का परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है.
शिकायतकर्ता जरीपटका निवासी रवि हेमराजानी के अनुसार वैरायटी चौक स्थित ग्लोकल मॉल के पास उनका ग्रैंड रेस्टोरेंट एंड बार संचालित है. री-डेवलपमेंट पॉलिसी के तहत उन्हें मॉल के पिछले हिस्से में जगह आवंटित की गई थी. आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से ग्लोकल मॉल के बिल्डर अनुप खंडेलवाल उन्हें लगातार परेशान और धमका रहे हैं. हेमराजानी की शिकायत के अनुसार का बिल्डर ने उन्हें पिस्तौल की नोक पर गोली मारने की धमकी दी थी. 20 नवंबर 2025 को हेमराजानी की 80 वर्षीय मां ईश्वरीबाई ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत भी दर्ज कराई थी. इसके बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. बीते साल भर में वह 12 से 15 बार पुलिस आयुक्त कार्यालय और सिताबर्डी थाने के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही हाथ लगी.
मेंटेनेंस विवाद में पानी की सप्लाई बंद करने का आरोप
ताजा विवाद मेंटेनेंस शुल्क को लेकर शुरू हुआ. हेमराजानी के मुताबिक 12 नवंबर को बिल्डर ने उनके रेस्टोरेंट की पानी की आपूर्ति बंद कर दी. हालात ऐसे हो गए कि होटल में न तो कर्मचारियों के लिए और न ही ग्राहकों के पीने तक का पानी उपलब्ध था. मजबूरी में हेमराजानी शाम को अपनी बेटी के साथ घर से दो कंटेनर में पानी भरकर रेस्टोरेंट पहुंचे. वहां तैनात बाउंसर ने उन्हें और उनकी बेटी को धमकाया तथा पानी के कंटेनर होटल के भीतर ले जाने से रोक दिया.
112 पर फोन, फिर भी पुलिस ने थाने के बाहर मामला सुलझाने को कहा
खुद को असहाय महसूस कर रहे हेमराजानी ने तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर संपर्क किया. इसके बाद सिताबर्डी पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें थाने ले गई. हेमराजानी का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज करानी चाही तो पुलिस ने मामला थाने के बाहर ही आपसी समझौते से सुलझाने की सलाह दे दी. इतना ही नहीं, एक साल पहले दी गई गोली मारने की धमकी संबंधी शिकायत पर भी उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया. पुलिस के रवैये से त्रस्त होकर हेमराजानी ने 13 नवंबर को एक बार फिर पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है. इस पूरे मामले में सबसे गंभीर सवाल पिस्तौल से गोली मारने की कथित धमकी को लेकर है. हेमराजानी का कहना है कि बिल्डर अनुप खंडेलवाल के पास हथियार का लाइसेंस है या नहीं इस बात का तक पुलिस से उन्हें जवाब नहीं मिला है. वहीं, सिताबर्डी पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों को आपसी विवाद सुलझाने की सलाह दी गई है. यदि विवाद नहीं सुलझता है तो पुलिस आगे कार्रवाई करेगी. इस संबंध में संपर्क करने पर बिल्डर अनुप खंडेलवाल ने बताया कि अवकाश पर होने से उन्हें प्रकरण की जानकारी नहीं है.
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।