मुनाफे का स्क्रीनशॉट दिखाकर 96 लाख की साइबर लूट
शेयर बाजार में मुनाफे का मायाजाल, 300% रिटर्न का लालच, शिक्षिका सहित दो लोगों को बनाया शिकार
नागपुर.
शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने की चाहत दो लोगों को ऐसी भारी पड़ी कि साइबर ठगों ने उनकी जिंदगीभर की कमाई पर हाथ साफ कर दिया. कहीं गूगल पर निवेश की जानकारी तलाश रही शिक्षिका को फर्जी वेबसाइट और व्हाट्सएप ग्रुप के जाल में फंसाया गया, तो कहीं फेसबुक पर एक माह में 300 प्रतिशत रिटर्न का लालच देकर निवेशक को शिकार बनाया गया. शिक्षिका समेत दो लोगों से कुल 96 लाख रुपये से अधिक की ठगी की गई. दोनों मामलों में साइबर पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है.
फर्जी वेबसाइट और एग्रीमेंट से शिक्षिका को 74.36 लाख का चूना
पहले मामले में 54 वर्षीय महिला शिक्षिका साइबर ठगों के जाल में फंस गईं. वे गूगल पर शेयर मार्केट में निवेश से जुड़ी जानकारी तलाश रही थीं. इसी दौरान उनकी नजर 'ऑफरिंग डीआईए' नामक वेबसाइट पर पड़ी. वेबसाइट के जरिए वे एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गईं. इस ग्रुप में कथित मीरा कपूर नामक महिला ने उनसे संपर्क किया. उसने शेयर बाजार में निवेश करने पर भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया. ठगी को विश्वसनीय बनाने के लिए शिक्षिका को 'आफ्रिन डीआईए' के नाम से कथित इन्वेस्टमेंट एग्रीमेंट भी भेजा गया. एग्रीमेंट स्वीकार करवाने के बाद उन्हें बताया गया कि उनका निवेश खाता खोल दिया गया है. इसके बाद शिक्षिका को एक अन्य सोशल मीडिया ग्रुप से जोड़ा गया, जहां उनकी पहचान कथित इसीता सिंह नामक महिला से कराई गई. इसीता ने अलग-अलग बैंकों के खाते उपलब्ध कराकर उनमें निवेश करने के लिए प्रेरित किया. मुनाफे के लालच में शिक्षिका ने 11 सितंबर से 30 अक्टूबर के बीच यूपीआई और आरटीजीएस के माध्यम से कुल 74 लाख 36 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए. जब उन्होंने निवेश की रकम और मुनाफा वापस मांगा तो दोनों महिलाएं टालमटोल करने लगीं. इसके बाद ठगी का संदेह होने पर शिक्षिका ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई.
300 प्रतिशत रिटर्न का झांसा, 21.58 लाख डकारे
दूसरे मामले में दीपक कवाड़े को फेसबुक पर 'यूपी स्टॉक्स' नाम से शेयर ट्रेडिंग का विज्ञापन दिखाई दिया. इसके जरिए वे एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए. यहां कथित अर्चना शर्मा नामक महिला ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर एक महीने में 300 प्रतिशत रिटर्न मिलने का झांसा दिया. उसके कहने पर कवाड़े ने एक ऐप डाउनलोड किया और 21 अगस्त से 10 नवंबर के बीच 21 लाख 58 हजार रुपये निवेश कर दिए. कुछ समय बाद ऐप पर उनके खाते में 58 लाख 23 हजार रुपये का मुनाफा दिखाई देने लगा. इतनी बड़ी रकम देखकर कवाड़े ने जब अपना पैसा निकालने की कोशिश की तो ठगों ने नया पैंतरा चला दिया. उन्हें बताया गया कि 58 लाख 23 हजार रुपये हासिल करने के लिए पहले 20 प्रतिशत टैक्स जमा करना होगा. अतिरिक्त रकम देने से इनकार करते ही ठगों ने उनसे संपर्क तोड़ दिया. इसके बाद कवाड़े को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ और उन्होंने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
जागरूकता के बावजूद साइबर ठग बेखौफ
शेयर ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया विज्ञापन, व्हाट्सएप ग्रुप और नकली ट्रेडिंग ऐप के जरिए लोगों को जाल में फंसाया जा रहा है. पहले ऐप पर लाखों का मुनाफा दिखाया जाता है और फिर रकम निकालने के नाम पर टैक्स या अन्य शुल्क मांगे जाते हैं. साइबर पुलिस की ओर से लगातार जनजागरूकता अभियान चलाने के बावजूद ठगों के हौसले कम होते नजर नहीं आ रहे हैं.
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।