रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
PT24 खास खबर

जिदान की मौत पर हफ्ते भर बाद भी बरकरार है सस्पेंस

दुर्घटना में चकनाचुर हुआ वाहन और इनसेट में जिदान अली
जुर्म PT24 टीम

हादसे की कहानी में कई अनसुलझे सवाल, विधायक पुत्र की मौजूदगी और प्री-बर्थडे पार्टी पर मौन, घायल छात्र भी हुए भूमिगत, अली परिवार इंसाफ की आस में सदमे में

नागपुर.

अठारह वर्षीय होनहार छात्र जिदान उर्फ रेहान इम्तियाज अली की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का रहस्य एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी बरकरार है. महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश सीमा पर हुए सड़क हादसे को लेकर अब तक कई सवालों के जवाब नहीं मिले हैं. हादसे के वक्त वाहन कौन चला रहा था, उसमें कितने लोग सवार थे और जिदान के साथ घायल हुए अन्य छात्र कौन थे? इन सवालों पर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है. दूसरी ओर इस मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज है, लेकिन अपने जवान बेटे को खो चुके अली परिवार का दर्द और उसकी इंसाफ की उम्मीद राजनीतिक शोर में कहीं दबकर रह गई है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आदर्श माननेवाले जिदान के परिजनों की व्यथा सुननेवाला कोई नहीं है. जबकि छोटी-छोटी बात का सोशल मीडिया पर प्रचार करनेवाले रसूखदार प्री-बर्थ डे पार्टी पर मौन साधकर बैठे है.

4 नवंबर की रात खवासा-टूरिया मार्ग पर हुए इस हादसे में जिदान की मौत हो गई थी, जबकि भाजपा विधायक परिणय फुके के बेटे यथार्थ सहित तीन से चार अन्य छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी. जिदान अपने हमउम्र दोस्तों के साथ जंगल सफारी और प्री-बर्थडे पार्टी के लिए निकला था. इसी दौरान विधायक परिणय फुके की मालिकी का वाहन क्रमांक एम.एच./40/ए.एच./7222 के दुर्घटनाग्रस्त होने से यह दर्दनाक घटना हुई. हादसे के बाद से ही वाहन चलाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. आरोप है कि हादसे के वक्त विधायक का बेटा वाहन चला रहा था, जबकि फुके परिवार की ओर से ड्राइवर के वाहन चलाने का दावा किया जा रहा है। आखिर सच क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

पढ़ाई छोड़ पार्टी में जाने के लिए दोस्तों की जिद

सूत्रों के अनुसार 4 नवंबर को मध्य प्रदेश के टूरिया स्थित एक रिसॉर्ट में प्री-बर्थडे पार्टी आयोजित की गई थी. दोपहर करीब 2 बजे विधायक परिणय फुके का बेटा और उसके कुछ दोस्त जिदान को लेने के लिए कॉर्पोरेशन कॉलोनी स्थित उसके घर पहुंचे थे. जिदान इन दिनों CLAT परीक्षा की तैयारी कर रहा था. 15 नवंबर को उसकी परीक्षा होने वाली थी. पढ़ाई पूरी नहीं होने के कारण परिजन उसे पार्टी में जाने से रोक रहे थे, लेकिन दोस्तों की जिद के आगे परिवार को उसे जाने की अनुमति देनी पड़ी. नागपुर से रवाना होने के बाद सभी टूरिया स्थित रिसॉर्ट पहुंचे. वहां केक काटने और स्नैक्स लेने के बाद पार्टी का सिलसिला चला. रात करीब 9.30 बजे जिदान ने वीडियो कॉल कर अपने माता-पिता को रिसॉर्ट दिखाया. बातचीत के दौरान उसने बताया कि दोस्त उसे फोटो खिंचवाने के लिए बुला रहे हैं. उसने माता-पिता को कुछ देर बाद दोबारा फोन करने की बात कही थी. लेकिन इसके कुछ ही पलों के बाद वह हादसे का शिकार हो गया. काफी देर बाद कॉल नहीं आने पर बड़े भाई इशान ने जिदान से संपर्क किया. उससे बात नहीं होने पर उसके दोस्त वासू को फोन किया. वासू ने रोते हुए फोन उठाया और हादसे की जानकारी दी. जिसके बाद मात-पिता घटनास्थल जाने के लिए रवाना हुए. इसके पहले जिदान के पिता ने रिसार्ट के पास स्थित एक परिचित होटल संचालक को फोन करके मौके पर जाने को कहा.

घायल छात्रों की जानकारी पर भी रहस्य

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि हादसे के दौरान वाहन में कितने लोग सवार थे और जिदान के अलावा घायल हुए तीन-चार छात्र कौन हैं? उनके नाम, चोटों की प्रकृति और उपचार से जुड़ी जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं हुई है. परिजनों से जुड़े सूत्र भी इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आने पर सवाल उठा रहे हैं. जिदान के करीबी दोस्तों के मुताबिक, वह अनुशासित और होनहार छात्र था. उसे किसी तरह का व्यसन नहीं था. वह यूथ पार्लियामेंट सहित कई शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेता था. ऐसे में पार्टी के दौरान आखिर क्या हुआ, किस परिस्थिति में वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ और हादसे के तत्काल बाद क्या घटनाक्रम रहा, इन तमाम पहलुओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस की जांच पर सवाल

हादसे के बाद जिदान को उपचार के लिए नागपुर के एक निजी अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल की सूचना पर सदर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया और आगे की जांच के लिए प्रकरण मध्य प्रदेश पुलिस को स्थानांतरित कर दिया. लेकिन एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बावजूद पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने नहीं आने और जांच की प्रगति की जानकारी सार्वजनिक नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं. मध्य प्रदेश पुलिस इस मामले में किन बिंदुओं पर जांच कर रही है, वाहन कौन चला रहा था, दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी और पार्टी में मौजूद सभी लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं या नहीं, इन सवालों पर अब तक स्पष्टता नहीं है.

राजनीतिक रसूख के बीच अकेला पड़ा अली परिवार

इस पूरे प्रकरण में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप ने भी तूल पकड़ लिया है. सत्ता पक्ष के विधायक परिवार से मामला जुड़ा होने के कारण राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है. वहीं, अली परिवार अपने जवान बेटे को खोने के गहरे सदमे से उबर नहीं पा रहा है. पिता इम्तियाज प्रॉपर्टी डीलिंग के व्यवसाय से जुड़े हैं. परिवार में जिदान के अलावा 20 वर्षीय बड़ा बेटा इसान है. बेटे की असमय मौत ने पिता इम्तियाज और मां उजमा को पूरी तरह तोड़ दिया है. परिवार से जुड़े लोगों का कहना है कि जिदान की मौत के बाद कई लोग इस मामले की जानकारी होने के बावजूद खुलकर कुछ बोलने से बच रहे हैं. उनपर राजनीतिक और प्रभावशाली लोगों की मौजूदगी भारी पड़ रही है.

सवाल सिर्फ एक सड़क दुर्घटना का नहीं, बल्कि एक होनहार युवक की मौत की पूरी सच्चाई सामने लाने का है। हादसे के समय वाहन की कमान किसके हाथ में थी? पार्टी में मौजूद अन्य छात्र कहां हैं? दुर्घटना के बाद क्या हुआ? पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया? इन सवालों के जवाब अली परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे शहर को चाहिए। राजनीतिक बयानबाजी से परे अब जरूरत है निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की, ताकि जिदान की मौत का सच सामने आ सके और उसके परिवार को इंसाफ की उम्मीद मिल सके.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन