TRAI का नया नियम: अब सिर्फ कॉल-एसएमएस वाला सस्ता रिचार्ज भी मिलेगा
TRAI ने जियो, एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया और बीएसएनएल को डेटा के बिना सस्ते वॉइस-एसएमएस प्लान लाने का आदेश दिया है।
देश की दूरसंचार नियामक संस्था TRAI यानी Telecom Regulatory Authority of India ने मोबाइल यूजर्स के लिए एक बड़ी राहत वाला फैसला सुनाया है। नए नियम के मुताबिक अब जियो, एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया और बीएसएनएल जैसी सभी टेलिकॉम कंपनियों को 30 दिन या उससे कम की वैलिडिटी वाले सस्ते स्पेशल टैरिफ वाउचर यानी STV देना अनिवार्य होगा। खास बात यह है कि इन प्लान में डेटा नहीं होगा, बस वॉइस कॉलिंग और एसएमएस की सुविधा मिलेगी।
दरअसल बहुत सारे यूजर्स को मोबाइल पर इंटरनेट या डेटा की जरूरत ही नहीं होती, फिर भी उन्हें महंगे और लंबी अवधि वाले रिचार्ज पैक में जबरदस्ती डेटा लेना पड़ता है। खासकर कम आमदनी वाले तबके के लिए एक साथ बड़ा खर्च करना मुश्किल हो जाता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए TRAI ने Telecom Consumer Protection (Thirteenth Amendment) Regulations, 2026 के तहत यह संशोधित नियम लागू किया है।
नए नियमों में कुछ अहम बातें तय की गई हैं। पहला, कंपनियों को यूजर्स की सहूलियत के लिए 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाले वॉइस और एसएमएस ओनली प्लान लाने होंगे। दूसरा, हर महीने एक तय तारीख पर आसानी से रिन्यू हो सके, ऐसा कम से कम एक STV हर कंपनी को देना होगा यानी मासिक ऑटो-रिन्यूअल का ऑप्शन रहेगा। तीसरा, यूजर की पसंद के हिसाब से 30 दिन से ज्यादा वैलिडिटी वाला भी कम से कम एक वॉइस-एसएमएस ओनली प्लान उपलब्ध रखना होगा। चौथा, ये प्लान डेटा पैक के मुकाबले सस्ते हों, इसके लिए कीमतों में उचित कटौती करने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा TRAI ने स्पैम कॉल और ऑटोमेटेड फ्रॉड कॉल रोकने के लिए भी ऑपरेटर कंपनियों को सख्त निर्देश दिए हैं। कंपनियों से कहा गया है कि वे AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल करें और शक के दायरे में आने वाले नंबरों की जानकारी आपस में शेयर करें।
अब सवाल यह है कि यह नया रिचार्ज सिस्टम कब से लागू होगा। TRAI ने अपनी अधिसूचना में किसी तारीख का जिक्र नहीं किया है, इसलिए यह मान लेना जरूरी है कि अब कंपनियों को इस पर कार्रवाई करनी होगी। आने वाले दिनों में नए प्रीपेड प्लान आने की संभावना है, जिनमें कम वैलिडिटी के साथ सिर्फ कॉल और एसएमएस की सुविधा होगी। यानी अगर किसी को डेटा के बिना 30 दिन की वैलिडिटी वाला प्लान चाहिए, तो आगे चलकर उसे निश्चित रूप से सिर्फ वॉइस और एसएमएस वाला प्लान मिल सकेगा।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।