बुधवार, 4 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

सोने की मांग तीसरी तिमाही में 29 फीसदी गिरी, महंगाई के आगे खरीदारों ने हाथ खींच लिया

सोने की मांग तीसरी तिमाही में 29 फीसदी गिरी, महंगाई के आगे खरीदारों ने हाथ खींच लिया तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
कारोबार PT24 टीम

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक जुलाई से सितंबर की तिमाही में भारत में सोने की मांग 162.5 टन पर आ गई, जबकि कीमत बढ़ने से कुल मूल्य ऊपर गया।

देश के बाजार में सोने के दाम चढ़ते जा रहे हैं और दूसरी आर्थिक वजहें भी हैं। इसका असर यह हुआ है कि भारतीय ग्राहकों ने सोने की खरीद से कुछ हद तक दूरी बना ली है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) की ताजा रिपोर्ट में यह बात सामने आई है।

रिपोर्ट के मुताबिक चालू साल की तीसरी तिमाही, यानी जुलाई से सितंबर के बीच, भारत में सोने की कुल मांग साल दर साल 29 फीसदी गिरकर 162.5 टन रह गई। वजन के हिसाब से देखें तो यह बड़ी गिरावट है।

लेकिन तस्वीर का दूसरा पहलू भी है। सोने के दाम बहुत चढ़े हुए थे, इसलिए बाजार का कुल मूल्य घटने के बजाय बढ़ गया। इस तिमाही में सोने की मांग का कुल मूल्य 3 फीसदी की बढ़त के साथ 2,41,900 करोड़ रुपये पर पहुंचा। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 2,35,090 करोड़ रुपये था।

इस दौरान सोने का औसत भाव 4262 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस रहा। रिपोर्ट के मुताबिक यह करीब 1,48,891 रुपये प्रति 10 ग्राम बैठता है, और इसमें इंपोर्ट ड्यूटी और GST शामिल नहीं हैं।

ग्राहकों ने खरीद क्यों घटाई? वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की रिपोर्ट में इसकी मुख्य वजहें गिनाई गई हैं: सोने की कीमत में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, इंपोर्ट ड्यूटी में हुए बदलाव और ग्राहकों की खरीदारी की आदतों में आया फर्क। रिपोर्ट के अनुसार दाम बढ़ने के बाद ग्राहक अब समझदारी से कदम उठाने लगे हैं और गैरजरूरी खरीदारी से बच रहे हैं।

इस सुस्ती का असर ज्वेलरी सेगमेंट पर भी दिखा। गहनों की मांग 20 फीसदी गिरकर 99.9 टन पर आ गई। फिर भी कीमतें ऊंची होने की वजह से गहनों की बिक्री का मूल्य 16 फीसदी बढ़कर 1,48,700 करोड़ रुपये हो गया।

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के भारत के रीजनल चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर सचिन जैन ने कहा कि बढ़ते दामों की वजह से ग्राहकों के खरीदने का तरीका जरूर बदला है, लेकिन सोने की लंबे समय की अहमियत और उसकी चमक आज भी कायम है।

बाजार को थोड़ा सहारा भी मिला। तिमाही के आखिर में कीमत में कुछ गिरावट आई। साथ ही त्योहारों का मौसम रहा, खासकर दक्षिण भारत में अगस्त महीने के त्योहारों ने बाजार को टेका दिया।

बाजार में फिलहाल यही दिख रहा है कि भारतीय ग्राहक अपने बजट और जरूरत के बीच तालमेल बिठा रहे हैं। दाम चढ़ने के कारण लोग नए गहने खरीदने के साथ-साथ पुराना सोना बदलवाकर नए डिजाइनर आभूषण लेने की तरफ भी बड़े पैमाने पर मुड़ रहे हैं।

#नागपुर#कारोबार#PT24#Business#Nagpur

विज्ञापन

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप 'आप' पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे