पश्चिम बंगाल: मिथुन चक्रवर्ती को बड़ी जिम्मेदारी, कैबिनेट मंत्री का दर्जा
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
पश्चिम बंगाल सरकार ने वरिष्ठ अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। राज्य सरकार के सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग में उन्हें सलाहकार नियुक्त किया गया है और इस पद के साथ उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी दिया गया है। इस बारे में राज्य सरकार के कार्मिक और प्रशासनिक सुधार विभाग ने नोटिफिकेशन जारी किया है।
नोटिफिकेशन के मुताबिक, राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद मिथुन चक्रवर्ती की यह नियुक्ति की गई है। नियुक्ति तुरंत लागू हो गई है और अगले आदेश तक बनी रहेगी। सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग में सलाहकार के तौर पर मिथुन चक्रवर्ती सरकार को सांस्कृतिक विषयों पर मार्गदर्शन देंगे, यानी इन मामलों में सरकार को सलाह देने का काम उनके जिम्मे रहेगा।
बंगाल के फिल्म और सांस्कृतिक क्षेत्र से मिथुन चक्रवर्ती का रिश्ता काफी पुराना है। पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने हिंदी और बंगाली, दोनों फिल्म इंडस्ट्री में काम किया है। बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें 'महागुरू' के नाम से भी जाना जाता है।
इससे पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मिथुन चक्रवर्ती को सांस्कृतिक सलाहकार की जिम्मेदारी देने का ऐलान किया था। खबर है कि बंगाल में फिल्म और सांस्कृतिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार उनके अनुभव का इस्तेमाल करना चाहती है।
इस नई जिम्मेदारी के बाद मिथुन चक्रवर्ती का राज्य सरकार की सांस्कृतिक नीतियों और अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सीधा वास्ता रहेगा। उनकी नियुक्ति के बाद बंगाल की कला, संस्कृति और फिल्म के क्षेत्र की आगे की योजनाओं में उनकी भूमिका अहम होगी।
मिथुन चक्रवर्ती पिछले कई महीनों से भाजपा के प्रचार में नजर आ रहे थे। इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत में भी उनका बड़ा हाथ रहा। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि राजनीति से दूर रहने वाले मिथुन चक्रवर्ती पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के दौरान भाजपा के लिए बहुत फायदेमंद साबित हुए।