नागपुर में टॉवर पर चढ़ा युवक, ढाई घंटे की मशक्कत के बाद उतरा, थाने से फरार
अहिंसा चौक पर टॉवर पर चढ़े युवक को टीटीएल की मदद से उतारा गया, बाद में वह अंबाझरी थाने से भाग निकला
नागपुर के सिविल लाइन्स इलाके में मंगलवार को एक अजीब वाकया देखने को मिला। अहिंसा चौक स्थित विधायक निवास लॉ कॉलेज रोड पर एक 20 साल का युवक अचानक टॉवर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से साफ मना करने लगा। इस हरकत से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
अग्निशमन विभाग को जैसे ही इसकी खबर मिली, टीम फौरन दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। लेकिन युवक को नीचे लाना आसान नहीं रहा। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब ढाई घंटे से ज्यादा चलता रहा। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद उसे अंबाझरी पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अग्निशमन विभाग के मुताबिक उन्हें सुबह करीब 11.45 बजे अहिंसा चौक पर एक युवक के टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिली थी। खबर मिलते ही सिविल फायर स्टेशन से अधिकारी और कर्मचारी टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि युवक टॉवर पर काफी ऊंचाई तक चढ़ चुका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीटीएल यानी टनटेबल लैडर की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। नागपुर जिले के उप अग्निशमन अधिकारी मानके, राजुरकर, चालक-यंत्रचालक नयन पेठे, अग्नि कर्मचारी और एक पुलिसकर्मी की टीम ने युवक तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे आने को तैयार ही नहीं था।
दमकलकर्मी जैसे ही उसके करीब पहुंचने की कोशिश करते, युवक और ऊपर चढ़ जाता। टॉवर पर लगी वायरिंग और दूसरी तकनीकी दिक्कतों की वजह से टीटीएल की केज को उसके बिल्कुल पास तक ले जाना भी मुश्किल हो रहा था।
काफी कोशिशों के बाद दमकल अधिकारी और कर्मचारी एक बार फिर टॉवर की तरफ बढ़े। इस बार टीटीएल की केज से एक अधिकारी और एक कर्मचारी टॉवर पर पहुंचे, जबकि एक और कर्मचारी टॉवर पर लगी सीढ़ी के रास्ते ऊपर गया। तीनों ने मिलकर युवक को पकड़ा और उसे टीटीएल की केज में सुरक्षित नीचे लाया गया।
दमकल विभाग के मुताबिक यह युवक छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के बोरतारा गांव का रहने वाला किशोर सिन्हा है, जो काफी परेशान था। वह कुछ साथियों के साथ काम के सिलसिले में नागपुर में रह रहा था। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया था, लेकिन रात करीब 8 बजे यह युवक अंबाझरी पुलिस थाने से भागने में कामयाब हो गया।