पति को ज़हर देने में नाकाम पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर गला घोंटा, दोनों गिरफ्तार
कर्नाटक के मैसूर जिले के हुनसूर में पवित्रा और उसके प्रेमी सुनील को पुलिस ने रामप्रसाद की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
कर्नाटक के मैसूर जिले के हुनसूर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी की मदद से पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला पवित्रा और उसके प्रेमी सुनील को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पवित्रा की शादी रामप्रसाद से हुई थी और दोनों के दो बच्चे भी हैं। घर-गृहस्थी चल ही रही थी कि गांव के एक युवक सुनील से पवित्रा की नजदीकियां बढ़ गईं। जब रामप्रसाद को इस रिश्ते का पता चला तो पति-पत्नी के बीच रोज झगड़े होने लगे। रोज की कलह से तंग आकर और प्रेमी के साथ रहने की चाह में पवित्रा ने पति को रास्ते से हटाने की खतरनाक साजिश रच ली।
पति को खत्म करने के लिए पवित्रा ने सोशल मीडिया और यूट्यूब का सहारा लिया। वहां से उसने धतूरे के जहरीले बीजों के इस्तेमाल और शरीर पर उनके असर की जानकारी जुटाई। 16 अक्टूबर की रात रामप्रसाद शराब पीकर घर लौटा। पवित्रा ने इसी मौके का फायदा उठाया। उसने इडली बनाई, उसमें धतूरे के बीजों का पाउडर मिला दिया और पति को खाने को दे दी। लेकिन जहर का असर उसकी सोच के हिसाब से फौरन नहीं हुआ और रामप्रसाद इडली खाने के बाद भी जिंदा रहा।
जहर का दांव उलटा पड़ा तो पवित्रा घबरा गई। उसने तुरंत प्रेमी सुनील को घर बुला लिया। फिर रात के अंधेरे में दोनों ने मिलकर रामप्रसाद पर हमला किया और गला दबाकर उसकी जान ले ली।
हत्या के बाद शक से बचने के लिए पवित्रा ने कहानी गढ़ी। उसने रामप्रसाद के भाई को फोन करके झूठ बोला कि "दही खाने के बाद से वो उठ ही नहीं रहे हैं।" घरवाले घबराकर रामप्रसाद को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरू में यही माना गया कि मौत दिल की बीमारी या किसी और बीमारी से हुई है और अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
हालांकि पुलिस को गुप्त सूचना मिली और कुछ संदिग्ध हरकतों से शक हुआ, तो उसने गहराई से जांच शुरू की। जांच के दौरान पूरी वारदात की कड़ियां और कॉल डिटेल्स सामने आ गईं। आखिर में पुलिस ने सख्ती दिखाई तो पवित्रा और सुनील ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।